दुनिया का सबसे तेज सुपर कंप्यूटर

बीजिंग। चीन के एक नए कंप्यूटर सिस्टम को दुनिया का सबसे तेज सुपर कंप्यूटर आंका गया है। सुपर कंप्यूटर “सनवे तेहुलाइट” प्रति सेकेंड 930 लाख अरब गणनाएं करने में सक्षम है। इसे नेशनल रिसर्च सेंटर ऑफ पैरलल कंप्यूटर इंजीनियरिग एंड टेक्नोलॉजी ने तैयार किया है। इसे पूरी तरह से चीन निर्मित प्रोसेसरों की मदद से बनाया गया है।

चीन का सनवे तेहुलाइट है सबसे तेज सुपर कंप्यूटर

चीन का सनवे तेहुलाइट है सबसे तेज सुपर कंप्यूटर

इस सुपर कंप्यूटर को चीन के नेशनल सुपर कंप्यूटिंग सेंटर में रखा गया है। इसने इंटेल आधारित “तियानहे-2” को पछाड़ा है, जो टॉप 500 सुपर कंप्यूटरों की सूची में पिछले छह साल से नंबर एक पर था। यह सूची साल में दो बार जारी की जाती है।

“सनवे तेहुलाइट” “तियानहे-2” की तुलना में दोगुना तेज और तीन गुना ज्यादा क्षमता वाला है। “तियानहे-2” प्रति सेकेंड 338.6 लाख अरब गणनाएं करने में सक्षम है। अमेरिकी ऊर्जा विभाग (डीओई) के ओक रिज नेशनल लैबोरेटरी में लगा “टाइटन” 175.9 लाख अरब गणना प्रति सेकेंड की क्षमता के साथ इस सूची में तीसरे नंबर पर है।

डीओई के लॉरेंस लिवरमोर नेशनल लैबोरेटरी में लगे “सिक्यूओइया” और जापान के रिकेन एंडवांस्ड इंस्टीट्यूट फॉर कंप्यूटेशनल साइंस में लगे फुजित्सु के “के कंप्यूटर” को क्रमशः चौथे और पांचवे स्थान पर रखा गया है।

Back to top button