दीपावली पर देशी विदेशी मेहमानों की मौजूदगी में फिर जगमगायेगी अयोध्या

लखनऊ ब्यूरो । मंदिर मस्जिद विवाद से सुर्खियों में रहने वाली अयोध्या दीपावली में देशी विदेशी मेहमानों की मौजूदगी में एक बार फिर जगमगायेगी।इस बार दीपावली के मौके पर अयोध्या को भव्य रुप से जगमगाने के लिये तीन लाख दीपक जलाये जायेंगे। पवित्र सरयू नदी के घाटों को सजाया जायेगा। चार से छह नवम्बर तक तीन दिनों तक प्रस्तावित आयोजनों को मनमोहक बनाने की तैयारियां शुरु हो गयी हैं। करीब तीन लाख दीपक जलाकर दीपावली के उत्सव को मनमोहक बनाने के लिये इन्डोनेशिया,श्रीलंका,मारीशस समेत कुछ अन्य देशों की रामलीला कमेटियों का भी मंचन होगा।
श्री रामजन्मभूमि और उसके आसपास अधिग्रहीत परिसर के पदेन प्रभारी तथा फैजाबाद के मंडलायुक्त मनोज मिश्र ने सोमवार को बताया कि सरयू नदी के घाटों पर तीन लाख दीपक जलाने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुसार आयोजन को भव्य रुप देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जायेगी।
कार्यक्रम में योगी मंत्रिमंडल के साथ ही उनके मंत्रिमंडल के करीब सभी सदस्य और केन्द्र से भी कई मंत्रियों के आने की संभावना है। श्री मिश्र ने बताया कि कुछ विदेशी मेहमानों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिये कम से कम 15 झाकियां निकाली जायेंगी। झाकियां साकेत महाविद्यालय से रामकथा पार्क तक जायेंगी। झाकियां भगवान रामचन्द्रजी के जीवन से सम्बन्धित होंगी। इसके साथ ही लेजर शो होंगे और लाइट साउन्ड प्रोग्राम भी आयोजित किये जायेंगे।
चौदह वर्ष बाद भगवान राम के वन से वापसी का भावुकता समेटे आकर्षक कार्यक्रम पेश किया जायेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों द्वारा रामचन्द्रजी,सीताजी,लक्ष्मणजी की अगुआनी की जायेगी।
मान्यता है कि दीपावली के दिन अयोध्या के राजा श्रीराम अपने चौदह वर्ष के वनवास के पश्चात लौटे थे। अयोध्यावासियों का ह्रदय अपने परम प्रिय राजा के आगमन से प्रफुल्लित हो उठा था। श्री राम के स्वागत में अयोध्यावासियों ने घी के दीपक जलाए। कार्तिक मास की काली अमावस्या की वह रात्रि दीयों की रोशनी से जगमगा उठी। तब से आज तक भारत में प्रति वर्ष यह प्रकाश-पर्व हर्ष व उल्लास से मनाया जाता है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष दीपावली में करीब एक लाख 87 हजार दीपक जलाकर अयोध्या में भव्य दीपावली मनायी गयी थी। दीपक राम की पैड़ी पर जलाये गये थे। इस बार यह आयोजन सरयू घाटों पर भी होगा। पिछली दीपावली में रामचन्द्रजी,लक्ष्मणजी और सीताजी को हेलीकाप्टर से फैजाबाद हवाईपट्टी से अयोध्या लाया गया था, जहां राज्यपाल राम नाइक, योगी और उनके मंत्रिमंडल के सहयागियों ने स्वागत किया था।

Back to top button