दीपावली पर चंडीगढ़ के लिए 18 अक्टूबर से चलेगी स्पेशल ट्रेन

लखनऊ ब्यूरो । पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने दीपावली पर यात्रियों की होने वाली भीड़ को देखते हुए गोरखपुर से चंडीगढ़ के बीच लखनऊ होते हुए 18 अक्टूबर से 15 नवम्बर के बीच स्पेशल ट्रेन चलाएगा। इस ट्रेन के चलने से त्योहार के मौसम में यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी (सीपीआरओ) संजय यादव ने शनिवार को बताया कि ट्रेन 04924 चंडीगढ़-गोरखपुर स्पेशल को 18 अक्टूबर से 15 नवम्बर तक प्रत्येक गुरुवार को चंडीगढ़ से रात 11.15 बजे चलाया जाएगा। जो अगले दिन सुबह 11 बजे लखनऊ होते हुए शाम 5.30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 04923 गोरखपुर-चंडीगढ़ स्पेशल को 19 अक्टूबर से 16 नवम्बर तक प्रत्येक शुक्रवार रात 10:10 बजे गोरखपुर से चलाया जाएगा जो रात 3.20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। यहां से चलकर दोपहर 2.25 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बस्ती,गोंडा,बरेली, मुरादाबाद,सहारनपुर,अंबाला कैंट में होगा।





