दिल्ली: शव लेकर पहुंचे युवक की मृतक के भाई ने चाकू घोंपकर की हत्या

भारत नगर में शव लेकर पहुंचे एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। दरअसल, अंबेडकर नगर में अनुराग नामक युवक की गोली लगने से संदिग्ध हालात में मौत हो गई। जब उसके शव को भारत नगर स्थित उसके घर ले जाया गया तो अनुराग के भाई छिन्नू को गुस्सा आ गया। उसने गुस्से में शव लेकर आए साहिल के सीने में चाकू मार दिया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भारत नगर पुलिस ने छिन्नू को पकड़ लिया है। दूसरी तरफ, आंबेडकर नगर थाना पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि अनुराग को गोली कैसे लगी।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अनुराग (25) के-ब्लॉक दक्षिणपुरी में रहने वाली बुआ सुनीता के पास एक महीने से रह रहा था। शुक्रवार दोपहर अनुराग को सिर में संदिग्ध हालात में गोली लग गई। पिस्टल सुनीता के बेटे अभिषेक के दोस्त साहिल की थी। अनुराग की मौत होने पर सुनीता, पति कैलाश, बेटा अभिषेक व अभिषेक के दोस्त साहिल व गिम्मी पुलिस को सूचना दिए बगैर शव को ए-450, संगम पार्क, राणा प्रताप बाग, भारत नगर स्थित उसके घर लेकर पहुंचे। यहां पर अनुराग के छोटे भाई छिन्नू ने पुलिस को सूचना दे दी। इस दौरान छिन्नू का भाई की मौत को लेकर साहिल से झगड़ा हो गया। छिन्नू ने साहिल के सीने में चाकू घोंप दिया।
साहिल को दीपचंद बंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साहिल 11वीं कक्षा में पढ़ता था। गिम्मी ने बताया कि वह अनुराग का शव लेकर गए थे। छिन्नू को लगा कि उसके भाई की हत्या साजिश के तहत की गई है। साहिल की पिस्टल थी, इसलिए छिन्नू को उस पर संदेह हुआ था। भारत नगर पुलिस ने छिन्नू को पकड़ लिया। सुनीता व उसका पति कैलाश दक्षिण दिल्ली नगर निगम में कर्मचारी हैं।





