दिल्ली में प्रतिमा के साथ क्रिकेटर ईशांत शर्मा आज लेंगे सात फेरे

अंतरराष्ट्रीय बास्केट बॉल खिलाड़ी प्रतिमा सिंह आज पूरे बनारसीपन के साथ मशहूर क्रिकेटर इशांत शर्मा से शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। गुरुवार को नोएडा में जब मेहंदी की रस्म हुई तो मेहमानों को पकवानों के साथ बनारसी पान की गिलौरी भी घुलाने का मौका मिला।ishant_1466396419

बनारस से खास तौर पर चांदी के वर्क वाली पान की गिलौरियां मंगाई गई हैं जिससे शादी के दिन भी मेहमानों को बनारसी अंदाज से रूबरू कराया जाएगा।

बारातियों और घरातियों के सिर पर बांधने के लिए खास तौर पर बनारसी साफा भी ले जाया गया है। शादी गुड़गांव के एक मैरिज हाल में होगी।

प्रतिमा की बड़ी बहन दिव्या सिंह ने फोन पर बताया कि गुरुवार मेहंदी की रस्म पूरी हुई। इसमें परिवार के लोगों के साथ-साथ करीबी रिश्तेदारों ने हिस्सा लिया। नाच-गाना भी शाम से जारी था।

प्रतिमा के छोटे भाई विक्रांत ने बताया कि दीदी के विवाह के लिए बनारस से साफा आया है। यह साफा विशेष तरह का है जिसमें बनारसीपन का पुट है। आज ही काफी संख्या में बनारसी पान आया है और उसे शुक्रवार को भी गिलौरी के रूप में बरातियों को पेश किया जाएगा। साथ ही बनारसी मिठाई के स्वाद से भी बरातियों को परिचय कराया जाएगा, इन मिठाइयों की विशेषता है कि इनमें चीनी का प्रयोग बहुत कम किया गया है। बनारस की मशहूर मिठाई लौंगलता भी मेन्यू में शामिल है।

विक्रांत के अनुसार परिवार के सभी सदस्य और करीबी रिश्तेदार इस समय नोएडा में हैं। आज सुबह सभी लोग गुडगांव स्थित विवाह स्थल पर पहुंच जाएंगे।

प्रतिमा और उनकी बहनों को अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल की दुनिया में भारत की सिंह सिस्टर्स के नाम से पहचाना जाता है। यह भारत में एक ऐसा परिवार है जहां पर चार सगी बहनें अंतरराष्ट्रीय स्तर की बास्केटबाल खिलाड़ी है और समय-समय पर भारतीय बास्केटबाल टीम की कप्तान रही।

इनमें सबसे बड़ी प्रियंका सिंह ने सबसे पहले परिवार में बास्केटबाल से नाता जोड़ा। वर्तमान में वह अपने पति के साथ दक्षिण कोरिया में बास्केटबॉल का प्रशिक्षण देती हैं।

दिव्या, प्रशांति, प्रतिमा और आकांक्षा अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी हैं। दिव्या सिंह इस समय भारतीय जूनियर बास्केटबॉल टीम की कोच हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button