दिल्ली: पांच सालों में पहली बार रक्षाबंधन के दिन में जमकर बरसे बादल

नई दिल्ली. राजधानी में पिछले पांच सालों की तुलना में पहली बार रक्षाबंधन के दिन काफी ज्यादा बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक इसी तरह से बादल बरसने की संभावना है। आने वाले सात दिनों तक बादल छाए रह सकते हैं। इसके अलावा प्रदूषण की स्थिति नियंत्रण रेखा के आसपास रहने की भी उम्मीद है। वहीं, 15 अगस्त के दिन भी सुबह और शाम के वक्त बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों पूरी दिल्ली में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आस पास रहने की संभावना है।
दिल्ली: पांच सालों में पहली बार रक्षाबंधन के दिन में जमकर बरसे बादल
स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने कहा है कि पिछले पांच सालों में दिल्ली में रक्षाबंधन के दिन पहली बार अच्छी बारिश हुई है। अमूमन मानसून सीजन में पिछले कुछ सालों से अगस्त आते-आते बारिश सामान्य ही होती रही है। इसका सबसे ज्यादा असर तब होता है जब मानसून की बारिश करने वाले बादल अच्छी तीव्रता से दिल्ली की तरफ बढ़ते हैं। सोमवार को दक्षिण पूर्वी दिशा से चक्रवाती हवाओं का एक मौसम का सिस्टम दिल्ली की तरफ पहुंचा। जिसके बाद उत्तरी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली समेत कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई है।
मौसम वैज्ञानिक पलावत ने बताया 1 जून से लेकर 7 अगस्त तक दिल्ली में मानसून सीजन में काफी कम बारिश हुई, महज पांच से छह दिनों में अब तक दिल्ली में बारिश हुई है। इसका कारण है कि मध्य भारत में मानसून की गतिविधियां ज्यादा एक्टिव रहीं। मौजूदा मौसम की परिस्थितियों के तहत उत्तर भारत समेत दिल्ली में रुक-रुक कर 15 से 18 अगस्त तक बारिश हो सकती है।
 
प्रदूषण का स्तर नियंत्रण रेखा के करीब
बारिश होने के बाद दिल्ली की आबोहवा में प्रदूषण का स्तर नियंत्रण रेखा के बिल्कुल करीब दर्ज हुआ है। प्रोजेक्ट सफर में प्रदूषण के बेहद खतरनाक कण माने जाने वाले पीएम 2.5 का दिल्ली का औसत स्तर 64 एमजीसीएम (माइक्रो ग्राम क्यूबिक मीटर) दर्ज हुआ। वहीं पीएम 10 का औसत स्तर 134 एमजीसीएम दर्ज हुआ। पीएम 2.5 का नॉर्मल लेवल 60 एमजीसीएम और पीएम 10 का लेवल 100 एमजीसीएम दर्ज हुआ है।
 
बारिश, त्यौहारी भीड़ और बसों की खराबी से चरमराया यातायात
– बारिश, त्यौहार की भीड़ और डीटीसी की कई बसों के खराब हो जाने के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में यातायात बुरी तरह चरमरा गया। दिल्ली यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि धौला कुआं और आईटीओ जैसे कई मुख्य मार्गों तथा चौराहों पर वाहन धीमी गति से रेंगते नजर आये।
-दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट किया कि दिल्ली सचिवालय के पास एक ऊंट के मृत पाये जाने के कारण आईटीओ-लक्ष्मी नगर मार्ग के पास यातायात बाधित रहा। धौला कुआं, रोशनआरा मार्ग और दिल्ली गेट पर दिल्ली परिवहन निगम डीटीसी की तीन बसों में तकनीकी खराबी आ जाने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
– उन्होंने बताया कि त्यौहार के कारण गाजियाबाद की ओर भोपुरा बॉर्डर जाने वाले मार्ग पर भीषण जाम लगा रहा। राेहिणी की ओर पीरागढ़ी जाने के मार्ग पर तो स्थिति इतनी विकट हो गई कि दिल्ली यातायात पुलिस को ट्विटर पर अपने पोस्ट अलर्ट में इस मार्ग पर जाने से बचने की हिदायत देनी पड़ी।
 
साल दिन बारिश के आंकड़े
2012 2 अगस्त 8.9 मिमी
2013 20 अगस्त 13.2 मिमी
2014 10 अगस्त 0 मिमी
2015 29 अगस्त 0 मिमी
2016 18 अगस्त 0.2 मिमी
2017 7 अगस्त 29.6 मिमी
Back to top button