दिल्ली ने इंसानियत को किया शर्मिंदा: लड़की के सामने पिता को मारता रहा चाकू, लोग बनाते रहे वीडियो

पश्चिमी दिल्ली के बसईदारापुर गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर हत्या के मामले में एक शर्मनाक पहलू सामने आया है। पीड़ित पक्ष के एक रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि जब युवती के पिता को आरोपित पक्ष चाकू से गोद रहा था, उस वक्त गली के अधिकांश लोग मदद की बजाय तमाशबीन बनकर वीडियो बना रहे थे। युवती के पिता के बाद आरोपित पक्ष युवती के भाई की भी हत्या कर देता, लेकिन संयोगवश युवती के चीखने की आवाज रिश्तेदारों ने जब सुनी तब वे घर से निकले और फिर लोगों को आता देख आरोपित पक्ष मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मिंदा कर दिया है।

युवती के परिजनों का कहना है कि आरोपित पक्ष पूरे परिवार के साथ युवती के पिता को मारने आया था। जब युवती का भाई अपने पिता को बचाने आया तब आरोपित पक्ष के दो लोग उसे झांसे में लेने के लिए मौका से भागने लगे। युवती के भाई ने इनका पीछा किया। युवती का भाई जब मौके पर आया तब उसने देखा कि पिता के ऊपर आरोपित परिवार, जिसमें भाग रहा एक युवक भी था, सभी मिलकर उसके पिता की पिटाई कर रहे हैं। इसी दौरान अचानक वहां मौजूद लोगों ने पिता व पुत्र पर चाकू से जोरदार हमला कर दिया। जब आरोपितों को लोगों को लगा कि युवती के कुछ रिश्तेदार उनकी ओर आ रहे हैं तब वे मौके से फरार हो गए।

इधर जब युवती के भाई को कुछ होश आया तो उन्होंने देखा कि उनके पिता जमीन पर बेसुध पड़े हैं। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। दोनों पिता पुत्र को लेकर अस्पताल ले जाया गया जहां पिता को मृत घोषित कर दिया गया। आरोप है कि आरोपित परिवार का एक सदस्य पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार पूरी तरह सदमे में है। युवती के परिवार पिता की मौत के बाद अब युवती के अलावा इनकी एक बहन, मां और एक छोटा भाई है। दोनों बहनें नौकरी करती हैं। छोटा भाई डीयू में पढ़ता है।

  •  अप्रैल, 2018 : नांगलोई इलाके में दो युवकों ने एक युवती से छेड़खानी की। युवती ने विरोध किया तो दोनों ने उस पर ब्लेड से हमला कर दिया।
  •  अगस्त, 2018 : युवती से सरेराह छेड़खानी, विरोध करने पर आरोपित ने मारपीट करने के साथ जान से मारने की दी धमकी
  •  सितंबर, 2018 : त्रिलोकपुरी इलाके में छेड़खानी का विरोध करने पर नाबालिग के पिता और दादा को पीटा
  •  सितंबर, 2018 : दस साल की मासूम से दुष्कर्म, विरोध करने पर आरोपित ने पीट-पीटकर कर किया अधमरा
  •  जनवरी, 2017 : मयूर विहार इलाके में छेड़खानी का विरोध करने पर पीड़ित और उसके भाई पर चाकू से हमला, बाद में खुद को भी जख्मी किया
  •  मई, 2017 : गोकलपुरी इलाके में यूपीएससी की तैयारी कर रही युवती से छेड़खानी, विरोध करने पर पीटा
Back to top button