दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी…

Monsoon Update: दिल्ली-एनसीआर ( national capital region) समेत पूरे उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है। बृहस्पतिवार को दिल्ली-एनसीआर में तापमान में इजाफा हुआ और तेज धूप के चलते लोगों को परेशानी हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 जून से तामपान में इजाफा होगा और गर्मी लोगों को परेशान करेगी। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के लोगों को राहत पाने के लिए इस साल लंबा इंतजार करना पड़ेगा। दरअसल, दिल्ली-एनसीआर में जून के आखिरी सप्ताह तक मानसून पहुंच जाता है, लेकिन इस बार 10-15 दिन की और देरी से पहुंचेगा। मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में मानसून के पहुंचने में 10 से 15 दिन तक की देरी हो सकती है।
कम बारिश के लिए अल-नीनो जिम्मेदार
स्काइमेट ने संभावित सामान्य से कम बारिश के पीछे अल-नीनो को जिम्मेदार ठहराया है। स्काइमेट के अध्यक्ष जेपी शर्मा ने बताया कि अल-नीनो का मानसून पर प्रभाव पड़ता है। अल-नीनो के प्रभाव से प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह गर्म हो जाती है, इससे हवाओं का रास्ते और रफ्तार में परिवर्तन आता है। जिसके चलते मौसम चक्रप्रभावित होता है।
सामान्य से कम बारिश होने की आशंका
स्काइमेट वेदर के महेश पलावत ने बताया इस वर्ष मानसून की पहली वर्षा में सूखा पड़ने की आशंका 15 फीसद है। सामान्य से कम बारिश होने की आशंका 55 फीसद। सामान्य मानसून रहने की संभावना 30 फीसद है। अल-नीनो की वजह से मानसून औसत से कम रहेगा, बल्कि मध्य व दक्षिण भारत के हिस्से में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ेगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ व दक्षिणी राज्यों के कुछ हिस्सों में तापमान अभी से 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक है, जो यहां के सामान्य तापमान से चार से पांच डिग्री तक ज्यादा है।





