दिल्लीः स्मृति ईरानी का पीछा करने वाले गिरफ्तार, नशे में धुत थे चारों आरोपी

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की कार का पीछा करने वाले छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोप में चारों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया था अब एफआईआर के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

इससे पहले शनिवार को स्मृति की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई कि चार युवक उनका पीछा कर रहे हैं। पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद हड़कंप मच गया।
एएनआई के मुताबिक चारों स्टूडेंट्स दोस्त की बर्थडे पार्टी से अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी नशे की हालत में थे। इस बीच उन्होंने स्मृति की कार को ओवरटेक करना चाहा। लेकिन स्मृति को कार में देखने के बाद वो उनकी कार का पीछा करने लगे।
करीब 4.5 किलोमीटर तक ऐसा चलता रहा। फिर स्मृति की ओर से शिकायत दर्ज करवाई गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक चाणक्यपुरी पुलिस थाने में ईरानी ने शिकायत दर्ज कराई है और हिरासत में लिए गए चार युवक कॉलेज स्टूडेंट हैं।





