बच्चे को बस से अगवा करने वाले किडनैपरों का सामने आया बीवी और गर्लफ्रेंड कनेक्शन

जीटीबी एंक्लेव इलाके में 60 लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा किए गए मासूम विहान मामले में पुलिस की गिरफ्त में बदमाश नितिन रोज नए खुलासे कर रहा है।
पूछताछ में आरोपी नितिन ने बताया है कि वह अपनी पूर्व गर्लफ्रेंड के जरिये किसी ज्वेलर से रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराने के चक्कर में था। इसके लिए उसने दो साल पहले ब्रेकअप के बाद अलग हो चुकी गर्लफ्रेंड से दोबारा संपर्क किया। पूर्व प्रेमिका को बच्चे को अगवा किए जाने की बात नहीं बताई थी। नितिन ने मीठी-मीठी बातें कर लड़की का दुबारा विश्वास भी जीत लिया। नितिन की दूसरी गर्लफ्रेंड ऐसे ज्वेलर की तलाश कर भी रही थी। वहीं नितिन की मौजूद गर्लफ्रेंड उस पर शादी का दबाव बना रही थी।पुलिस की पूछताछ में नितिन ने बताया कि वह 35 साल पुराना अपना ढाबा चला रहा था। घर वालों ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसकी शादी भी कर दी थी। नितिन की अपनी पत्नी से बनती भी नहीं थी। शादी से पूर्व उसकी गर्लफ्रेंड शालू (बदला हुआ नाम थी) थी। शादी के बाद उससे उसका संबंध खत्म हो गया था। इधर मौजूदा समय में सपना (बदला हुआ नाम) उसकी गर्लफ्रेंड थी।
सपना ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया हुआ था। वह अपना बुटीक खोलना चाहती थी। नितिन पत्नी को जल्द तलाक देकर उससे शादी की बात कर रहा था। नितिन ने बताया कि सपना नहीं चाहती थी कि वह कोई गलत काम कर रुपया कमाए, इसके लिए उसने अपनी मौजूदा गर्लफ्रेंड सपना को कुछ नहीं बताया था।
इधर नितिन को पता था कि उसकी पूर्व गर्लफ्रेंड बेहद सीधी-साधी है। वह उससे ज्यादा सवाल जवाब नही करेगी। इसलिए उसने दो साल बाद एक नए सिम से उसे कॉल किया। शालू से बातचीत कर उसने बताया कि उसकी बिजनेस में एक बड़ी रकम आने वाली है। लेकिन वह अपने खाते में नहीं मंगवा सकता है। उसने बताया कि साठ लाख रुपये कोई ज्वेलर बड़ी आसानी से अपने खाते में मंगवा सकता है।
शालू की मदद से यह काम हो सकता था। शालू ने ज्वेलर की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस को नितिन ने बताया कि उसने शालू को भी विहान के अगवा होने की बात नहीं बताई थी। बता दें कि 25 जनवरी को नितिन व उसके साथियों ने स्कूल बस चालक को गोली मारकर साढ़े चार साल के विहान गुप्ता को अगवा कर 60 लाख की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने 12 दिन बाद मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को ढेर कर विहार को सकुशल मुक्त करा लिया था।





