दिनाकरन गुट की चुनाव आयोग में कैविएट, ताकि पलानीस्वामी-पन्नीरसेल्वम ‘दो पत्ती’ न मांग ले
नई दिल्ली-चेन्नई. एआईएडीएमके के दिनाकरन गुट ने मंगलवार को चुनाव आयोग में एक कैविएट दाखिल की। यह इसलिए कि पलानीस्वामी और पन्नीरसेल्वम गुट अगर कोई मांग करते हैं, तो फैसले से पहले इन्हें भी अपना पक्ष रखने का मौका मिले। पार्टी के ई के पलानीस्वामी और ओ पन्नीरसेल्वम गुटों ने हाल ही में विलय का ऐलान किया है।

सूत्रों के मुताबिक दोनों गुटों ने दिल्ली में बैठक की है और बुधवार को चुनाव आयोग भी जा सकते हैं। इस दौरान ये अपनी पार्टी को असली एआईएडीएमके के तौर पर पहचान और चुनाव चिह्न ‘दो पत्ती’ की मांग कर सकते हैं। दिनाकरन गुट भी अपनी पार्टी को असली एआईएडीएमके बता रहा है और ‘दो पत्ती’ चाहता है।
ये भी पढ़ें:- भागने की तैयारी में था राम रहीम, मशीन गन लेकर गया था कोर्ट
इसी के मद्देनजर उसने कैविएट दाखिल की है। इसमें कहा गया है कि इस मामले में एआईएडीएमके (अम्मा) गुट से महासचिव वी के शशिकला और उप महासचिव दिनाकरन को सुना जाना चाहिए। एआईएडीएमके प्रमुख जयललिता के निधन के बाद पार्टी दो धड़ों में बंट गई थी।
इसके बाद अप्रैल में चेन्नई की आरके नगर विधानसभा सीट के लिए उप चुनाव हुए थे। इसके लिए दोनों गुटों ने खुद को असली एआईएडीएमके बताया था। बाद में पन्नीरसेल्वम गुट को एआईएडीएमके (पुराची थैलीवी अम्मा) और दिनाकरन गुट को एआईएडीएमके (अम्मा) के रूप में मान्यता दी गई थी।





