तैयार हुई देश की पहली मेक इन इंडिया ‘ट्रेन 18’, बिना इंजन के दौड़ेगी

लखनऊ। देश की पहली मेक इन इंडिया के तहत बनी ‘ट्रेन 18’ तैयार हो गयी है। अनुसंधान, अभिकल्प एवं मानक संगठन (RDSO) जल्द ही इस बिना इंजन वाली ट्रेन का ट्रायल करने जा रही है। ट्रायल का यह काम 80 दिनों में पूरा होगा। इसके लिए दो अधिकारी चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री जाएंगे। यह जानकारी आरडीएसओ के नवनियुक्त महानिदेशक वीरेंद्र कुमार ने दी। वह आरडीएसओ में स्वच्छता पखवाड़े को लेकर मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे।
देश की पहली मेक इन इंडिया ट्रेन तैयार
कुमार ने पहली मेक न इंडिया में बनी ट्रेन 18 के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 16 बोगियों वाली यह ट्रेन सेल्फ प्रोपल्सन सिस्टम से चलेगी। इसकी बोगियों के नीचे ट्रैक्शन मोटर भी लगी होगी। यह ट्रेन चेन्नई के आईसीएफ से 15 अक्तूबर तक निकलेगी। इस ट्रेन को सबसे पहले दिल्ली-भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस की जगह चलाया जाएगा। इससे पहले ट्रेन 18 का ट्रायल दो अलग-अलग रूटों पर किया जाएगा। जिसमें मुरादाबाद से सहारनपुर रूट पर इस ट्रेन का ट्रायल 115 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से किया जाएगा। जबकि दूसरी ओर आगरा से बीना के बीच इस ट्रेन की रफ्तार 160 किमी प्रति घंटा रखी जाएगी।

ये भी पढ़ें : एशियाड खेलों में मेडल जितने वाले खिलाडियों को सीएम योगी ने किया सम्मानित 
मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
कुमार ने बताया मेक इन इंडिया के तहत बनी ट्रेन 18 अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। पूरी तरह से वातानुकूलित इस ट्रेन को एग्जीक्यूटिव व नॉन एग्जीक्यूटिव क्लास में बांटा गया है। इसके अतिरिक्त ट्रेन में वाई-फाई, जीपीएस पैसेंजर इंफोटेनमेंट सिस्टम, आटोमेटिक डोर, एलईडी लाइटें, दिव्यांगों के लिए प्लेटफॉर्म की ओर खुलने वाला रैंप, सीसीटीवी, यात्रियों के लिए इमरजेंसी टॉकबैक यूनिट, यूरोपियन स्टाइल की सीटें, मॉड्यूलर टायलेट, पैंट्रीकार आदि सुविधाएं हैं। साथ ही एग्जीक्यूटिव क्लास की कुर्सियों को ट्रेन के चलने की दिशा में घुमाया जा सकता है। तो लोको पायलट को बैठने के लिए एयरोडायनेमिक नोज बनाया गया है।
The post तैयार हुई देश की पहली मेक इन इंडिया ‘ट्रेन 18’, बिना इंजन के दौड़ेगी appeared first on .

Back to top button