तमिलनाडु: समुद्र तट पर तेल फैलने पर एनजीटी करेगा सुनवाई

फैले तेल से पर्यावरण और स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर खतरा पैदा हो गया है।
तमिलनाडु में समुद्र तट पर तेल फैलने को लेकर दायर याचिका पर राष्ट्रीय हरित ट्रिब्यूनल (एनजीटी) में सुनवाई होगी। फैले तेल से पर्यावरण और स्थानीय निवासियों के स्वास्थ्य पर खतरा पैदा हो गया है। याचिका में मुआवजा और पोत जब्त करने की मांग की गई है। अश्विनी कुमार ने वकील सुमीर सोढ़ी के माध्यम से याचिका दायर की है।
उधर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ओ. पनीरसेल्वम ने तेल फैलने से प्रभावित एन्नोरे तट का दौरा किया। वहां उन्होंने सफाई अभियान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान में 5700 लोग लगे हुए हैं और एक दो दिनों में काम पूरा हो जाएगा।
एनजीटी के अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार की अध्यक्षता वाली पीठ सोमवार को याचिका पर सुनवाई करेगी। याचिका में तट की सफाई की निगरानी और पर्यावरण को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए विशेषज्ञों की समिति गठित करने की मांग की गई है। पर्यावरण एवं वन मंत्रालय, जहाजरानी मंत्रालय, तमिलनाडु के मुख्य सचिव, तमिलनाडु राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी याचिका में पक्ष बनाया गया है। दोनों पोत के मालिकों को प्रतिवादी बनाया गया है।





