तमिलनाडु की संस्कृति पर हमें गर्व है- पीएम मोदी

जल्लीकट्टू से प्रतिबंध हटाने को लेकर केंद्र सरकार जल्लीकट्टू अध्यादेश को मंजूरी दे चुकी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि तमिलनाडु की जनता की सांस्कृतिक आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.
उन्होंने ट्वीट किया, ‘तमिलनाडु की समृद्ध संस्कृति पर हमें गर्व है. तमिल लोगों की सांस्कृतिक आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं.’
We are very proud of the rich culture of Tamil Nadu. All efforts are being made to fulfil the cultural aspirations of Tamil people.
— Narendra Modi (@narendramodi)
मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार तमिलनाडु की प्रगति के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और राज्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए काम करती रहेगी.
Central Government is fully committed to the progress of Tamil Nadu & will always work to ensure the state scales new avenues of progress.
— Narendra Modi (@narendramodi)
जल्लीकट्टू के आयोजन की इजाजत देने के लिए केंद्र ने तत्परता दिखाते हुए अध्यादेश के मसौदे को मंजूरी दी जिसके एक ही दिन बाद यह बयान आया है. इसके साथ ही राज्य में बीते पांच दिनों से चले आ रहे व्यापक विरोध प्रदर्शनों को खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ते हुए तमिलनाडु के लिए इस अध्यादेश को लागू करने का रास्ता साफ हो गया.
केंद्रीय गृह मंत्रालय, कानून मंत्रालय और पर्यावरण मंत्रालय ने अध्यादेश को कल रात ही मंजूरी दे दी. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम ने दो दिन पहले मोदी से मुलाकात कर उनसे अध्यादेश को मंजूरी देने का अनुरोध किया था.





