डेढ़ साल में पहली बार कच्चा तेल इतने डॉलर के नीचे

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत बुधवार को 50 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई। जून, 2017 के बार पहली बार ऐसा हुआ। बाद में हल्की रिकवरी हुई और कीमतें 51 डॉलर तक पहुंच गईं।

दरअसल, वैश्विक अर्थव्यवस्था में अस्थिरता की वजह से इन दिनों कच्चे तेल की मांग सुस्त है। इसके अलावा बाजार में जरूरत से ज्यादा सप्लाई भी हो रही है, जिसके कारण कीमतों में गिरावट देखी जा रही है। इस साल 3 अक्टूबर को बेंमचार्क ब्रेंट कू्रड की कीमत 86.74 डॉलर प्रति बैरल के स्तर तक पहुंच गया था।

इसके बाद से गिरावट शुरू गई और अब तक करीब 42 प्रतिशत भाव गिर चुके हैं। 1 जनवरी के बाद से इसमें करीब 20 प्रतिशत गिरावट आई है। जून 2017 में ब्रेंट कू्रड की कीमत 50 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थी।

इसके अलावा ओपेक देशों के बीच इस बात पर पूरी तरह सहमति भी नहीं बन पाई है। दूसरी ओर अमेरिका उत्पादन घटाने के मूड में नहीं है। रूस भी उत्पादन बढ़ा रहा है।

इसके अलावा लीबिया में एक नया ऑयल फील्ड खुल गया है। ऐसे में कीमतें फौरन बढ़ने की संभावना नहीं है। अगले 2 महीनों के दौरान कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा और कीमतें 52 डॉलर की रेंज में बनी रह सकती हैं।

2018 में बिजनेस जगत की वो 10 घटनाएं, जिसे कभी नहीं भूल पाएगा पूरा देश…

भारतीय अर्थव्यवस्था को राहत

चूंकि भारत अपनी जरूरत का करीब तीन चौथाई कच्चा तेल आयात करता है, लिहाजा इसकी कीमतों में गिरावट आना यहां की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक है। पेट्रोल और डीजल के दाम तेजी से कम हुए हैं, जिसके कारण आगामी महीनों में महंगाई दर घट सकती है। ऐसे में रुपए को सपोर्ट मिलेगा और रिजर्व बैंक नीतिगत ब्याज दरें घटाने के बारे में सोच सकता है।

घटेगा आयात बिल

कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने और रुपए की विनिमय दर में गिरावट आने की वजह से ‘पेट्रोलियम प्लानिंग एंड एनालिसिस सेल’ का अनुमान था कि वित्त वर्ष 2018-19 में तेल आयात बिल करीब 40 प्रतिशत बढ़कर 12,500 करोड़ डॉलर तक पहुंच सकता है। अब विश्लेषक मान रहे हैं कि आयात बिल में कमी आएगी।

कम होगा व्यापार घाटा

रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2016-17 तक देश का चालू खाता घाटा जीडीपी का 0.6 प्रतिशत था, लेकिन कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के कारण 2017-18 में यह 1.9 फीसदी हो गया।

व्यापार घाटे में बढ़ोत्तरी इसकी मुख्य वजह थी। 2017-18 में व्यापार घाटा बढ़कर 16 हजार करोड़ डॉलर हो गया, जो 2016-17 में 11,240 करोड़ डॉलर था। अब उम्मीद जताई जा रही है कि यह दिक्कत कम हो जाएगी।

Back to top button