डेढ़ सौ साल पुराने जैन मंदिर से 6 ऐतिहासिक मूर्तियों की हुई चोरी, इलाके में मचा हडकंप

हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल के प्रेस गली (आजाद चौक) स्थित ऐतिहासिक भगवान महावीर जैन मंदिर में शनिवार देर रात चोरों ने धावा बोला. चोर वहां से डेढ़ सौ साल पुरानी 6 मूर्तियों के साथ-साथ एक किलो से अधिक की चांदी के छत्र, डेढ़ लाख रुपए नकद भी ले उड़े.
जैन मंदिर के प्रधान मोती चौधरी के अनुसार मंदिर में चोरी तड़के 4 बजे से पहले की गई. सुबह मंदिर आने पर चोरी का पता चला. उन्होंने बताया कि यह मंदिर डेढ़ सौ साल से भी अधिक पुराना है. जो मूर्तियां चोरी गई हैं, वे सैकड़ों साल पुरानी थीं. इन मूर्तियों में भगवान महावीर की अष्टधातु की मूर्ति के साथ ही भगवान चंदा प्रभु, शांतिनाथजी, पार्श्वनाथजी, पंचमेरू और भगवान सिद्धनाथजी की मूर्तियां शामिल हैं.
मोती चौधरी का आरोप है कि 100 नंबर पर पुलिस को डायल करते रहे, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया. आखिर नारनौल पुलिस थाने जाकर पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिस पर पुलिस कर्मचारियों ने चोरी की रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई शुरू की है.
गौरतलब है कि इस प्राचीन जैन मंदिर से नारनौल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र के जैन धर्मावलंबियों की भी आस्था जुड़ी हुई है. इस मंदिर को और भव्य बनाने के लिए पिछले 2 वर्षों से लगातार यहां कार्य भी चल रहा है.





