ठगी के शिकार निवेशकों को 450 करोड़ लौटाएगी पुलिस

मुंबई.धोखाधड़ी के शिकार हुए निवेशकों के पैसे वापस लौटाने के लिए मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने रिफंड यूनिट बनाया है। इसके तहत फर्जी स्कीमों में पैसे लगाकर फंसे 35 हजार निवेशकों को उनके पैसे वापस मिलेंगे।

– ईओडब्ल्यू फिलहाल 40 करोड़ रुपए ठगी के शिकार हुए लोगों को वापस लौटाएगी इसके अलावा लोगों से ठगी करने वाली कंपनियों की 410 करोड़ रुपए की संपत्ति बेचकर उसके पैसे भी निवेशकों को दिए जाएंगे।
– मुंबई पुलिस की प्रवक्ता डीसीपी रश्मि करंदीकर ने बताया कि मुंबई सत्र न्यायालय ने आर्थिक अपराध शाखा को नौ मामलों में ठगी के शिकार हुए 35 हजार निवेशकों को पैसे लौटाने का आदेश दिया है।
ये भी पढ़े: महाराष्ट्र एजुकेशन सोसाइटी में होने वाली भर्ती के लिए जल्द करें अप्लाई
– अदालत ने मेडिकेयर, कॉसमॉस पब्लिसिटी, कोकणपार्क, सीयू मार्केटिंग, सिमटिक फाइनांस, एडवेंचर ग्रुप, वीजेएस ग्रुप, पार्ले फाइनांस, शिवानंद फाइनांस कंपनियों के खिलाफ दर्ज किए गए धोखाधड़ी के मामलों में फंसे निवेशकों के पैसे लौटाने को कहा है। किन निवेशकों को कितने पैसे देने हैं इसकी सूची अदालत ही तैयार कर पुलिस को देगी।
– पुलिस इसी आधार पर आरटीजीएस यानी सीधे बैंक खाते में रकम भेजने की व्यवस्था करेगी। अदालत के आदेश के बाद सूची में जिनके नाम होंगे उन निवेशकों का खाता नंबर, आधार कार्ड, रद्द किया गया चेक, पहचान पत्र की जांच के बाद ही पैसे दिए जाएंगे।
– मुंबई पुलिस ने इन कंपनियों द्वारा ठगी के शिकार हुए लोगों से अपील की है वे निवेश संबंधी मूल दस्तावेज और पहचान पत्र के साथ भायखला पुलिस स्टेशन के पीछे स्थित यातायात प्रशिक्षण केंद्र में बने विशेष कक्ष में सुबह 10 बजे से शाम तीन बजे तक संपर्क कर सकते हैं।





