ठंड से UP में 4 लोगों की मौत, ठंड का कहर यहां भी…

पहाड़ों से निकलकर मैदानी क्षेत्रों तक पहुंची उत्तर पश्चिमी हवा ने प्रदेशभर में गलन बढ़ा दी। कोहरे ने भी कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ठंड की चपेट में आने से बुधवार को सूबे में चार लोगों की मौत हो गई। इस वर्ष ठंड के तेवर कुछ ज्यादा कड़े हैं। वहीं लखनऊ में बुधवार को लगातार दूसरे दिन धूप नहीं निकली। अधिकतम तापमान शिमला से 1.7 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ में अधिकतम तापमान जहां 13.2 डिग्री पर पहुंच गया, वहीं शिमला का तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राहत की उम्मीद नहीं
मौसम विभाग के अनुसार बीते दिनों हुई बारिश से स्थितियां खराब हुई हैं। मौसम में नमी है और कोहरा बादल की तरह ठहर गया है। इससे धूप नहीं पहुंच पा रही है। इसके चलते अधिकतम व न्यूनतम तापमान में अंतर महज तीन डिग्री रह गया है। यही वजह है दिन भर मौसम एक जैसा बना हुआ है। दरअसल पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी हालात सुधरने नहीं दे रही है। अगले दो दिन हालात ऐसे ही रहने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: विधायकों के धरने के बीच बजी सीएम योगी के लिए खतरे की घंटी, रिपोर्ट में सामने आई ये बड़ी खबर
कानपुर में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। बर्फीली हवाएं चलीं। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार साल 1971 से अब तक 18 दिसंबर को कभी इतनी ठंड नहीं पड़ी। अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 10 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य था।
ठंड से औरैया में किसान तो महोबा में वृद्ध-वृद्धा और अधेड़ महिला की मौत हो गई। औरैया में अधिकतम तापमान 17 जबकि न्यूनतम छह, महोबा में अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम सात, फतेहपुर में अधिकतम 22 जबकि न्यूनतम तापमान 5, उन्नाव में अधिकतम पारा 13 व न्यूनतम पांच, इटावा में अधिकतम 18.5 जबकि न्यूनतम 5.5, उरई में अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम सात डिग्री सेल्सियस रहा।
ठंड का कहर यहां भी
केवल राजधानी ही नहीं कानपुर, बरेली, गोरखपुर, उरई, वाराणसी, सुल्तानपुर में भी तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कोहरे का कहर पूरे प्रदेश में फिलहाल जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर घना कोहरा होने की संभावना है।
फर्रुखाबाद में दिन में थोड़ी देर के लिए निकली धूप भी राहत नहीं दे सकी। अधिकतम तापमान 21 व न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बांदा में अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम आठ, चित्रकूट का अधिकतम 17 व न्यूनतम सात, कानपुर देहात और कन्नौज में तापमान अधिकतम 12.6 न्यूनतम 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा। हमीरपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अलीगढ़ में सुबह हल्की धुंध रही जबकि सर्द हवाएं चलीं। दोपहर में धूप निकलने पर लोगों को राहत मिली। यही हाल हाथरस का रहा।
आगरा में पूस माह के चौथे दिन भी सर्द हवाओं ने खूब सताया। पारे का लुढ़कना जारी रहा। ब्रज क्षेत्र में फीरोजाबाद सबसे सर्दीला रहा। आगरा में अधिकतम तापमान 17.2 और न्यूनतम 9.2, मैनपुरी में न्यूनतम 6.2 अधिकतम 19.6 रहा। एटा में न्यूनतम पारा गिरकर 7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा तो अधिकतम 18 डिग्र्री सेल्सियस रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। कासगंज में न्यूनतम पारा सात डिग्री सेल्सियस रहा। फीरोजाबाद में अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। हापुड़ में बर्फीली हवा से लुढ़का पारा, गलन बढ़ गई है। अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 7 डिग्री रहा।





