ट्रंप बोले- ‘15,000 तक पहुंच सकती है अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर सैनिकों की संख्या’

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर तैनात किए जाने वाले सैनिकों की संख्या बढ़कर 15,000 तक पहुंच सकती है. मध्यावधि चुनाव से पहले आप्रवासियों को लेकर बेहद कठोर रुख अपनाते हुए राष्ट्रपति ने यह बात कही. 

मंगलवार को होने वाले चुनाव के जरिये ट्रंप अमेरिकी कांग्रेस में रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं. इसी सिलसिले में उन्होंने आप्रवासियों से जुड़ी तमाम घोषणाएं की हैं. 2016 में राष्ट्रपति चुनावों के दौरान ट्रंप का समूचा प्रचार अभियान सीमा पर डर और आप्रवासियों के खिलाफ था.

ट्रंप ने बुधवार को कहा, कि जहां तक बात काफिले की है, हमारी सेना वहां मौजूद है. उन्होंने कहा कि हमारे करीब 5,800 सैनिक वहां मौजूद हैं. सीमा पर बॉर्डर पेट्रोल, आईसीई और अन्य के तहत सैनिकों की संख्या बढ़कर 10 से 15 हजार के बीच पहुंच सकती है. हालांकि, ट्रंप ने इस बात से इनकार किया कि वह इसका उपयोग राजनीतिक लाभ के लिए कर रहे हैं, लेकिन प्रचार के दौरान बार-बार इस मुद्दे का जिक्र होना इससे विपरीत स्थिति को दर्शाता है. 

आपको बता दें कि अमेरिका का रक्षा विभाग ने ये कहा था कि शरणार्थियों के जत्थे को मेक्सिको सीमा पर पहुंचने से पहले वहां, 52,00 सैनिकों को भेजेगा. अमेरिका अधिकारियों ने सोमवार (30 अक्टूबर) को ये जानकारी दी थी.  

Back to top button