ट्रंप ने दिया उत्तर कोरिया के तानाशाह को जवाब- सबसे बड़ा परमाणु बटन तो मेरे पास है…

नए साल में भी अमेरिका और उत्तर कोरिया की तल्खी बदस्तूर जारी है। एक ओर जहां नए साल के मौके पर उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग ने अमेरिका को धमकी देते हुए कहा कि उत्तर कोरिया की परमाणु शक्ति हकीकत है और उसके हाथों में परमाणु बम का बटन है। वहीं बुधवार की सुबह डोनाल्ड ट्रंप ने नोर्थ कोरिया को जवाब देते हुए कहा है कि मेरे डेस्क पर हमेशा न्यूक्लियर बटन रहता है जो ज्यादा बड़ा है और ज्यादा पावरफुल भी है।

बता दें कि नए साल के मौके पर उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग ने अमेरिका को धमकी देते हुए कहा था कि यूएस का पूरा हिस्सा उसके निशाने पर है और परमाणु बम का बटन उसके हाथ में है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को चौकन्ना रहना चाहिए क्योंकि यह कोई सपना नहीं बल्कि हकीकत है। उन्होंने यह बातें सोमवार को उत्तर कोरिया को संबोधित करते हुए कहीं थी। 

किम ने कहा कि उनका देश एक जिम्मेदार परमाणु संपन्न देश है जोकि शांति के साथ रहना चाहता है। उन्होंने कहा कि हमने काफी समय से कोई आक्रामक रवैया नहीं अपनाया है। हमारा परमाणु हथियारों के प्रयोग करने का कोई इरादा नहीं है।

किम ने अपने परमाणु हथियारों को विकसित करने के काम में तेजी लाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि परमाणु संपन्न बनने की दिशा के काम में हमें तेजी लाने की जरुरत है। किम ने यह भी कहा कि हमें दुश्मन देशों से हमेशा सतर्क रहने की जरूरत है। 

आपको बता दें कि पिछले कुछ महीनों से अमेरिका और उत्तर कोरिया के बीच गतिरोध जारी है। दोनों ही देशों के प्रतिनिधियों के बीच बयानबाजी लगातार चल रही है। हालात यह हैं कि पूर्व ज्वाइंट चीफ माइक मुलेन ने कहा था कि अमेरिका और उत्तर कोरिया में परमाणु युद्ध हो सकता है।

Back to top button