ट्रंप की धमकियों पर ईरान का फिल्मी जवाब- पिक्चर अभी बाकी है

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जारी टकराव के बीच ईरान अब सिर्फ सैन्य और कूटनीतिक मोर्चे पर ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर भी आक्रामक अंदाज में नजर आ रहा है।

दुनियाभर में उसके दूतावास और वाणिज्य दूतावास अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप और इजरायल पर चुटीले और व्यंग्यात्मक पोस्ट के जरिए जवाब दे रहे हैं। दूतावासों ने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ अलग तरह का युद्ध छेड़ रखा है।

‘पिक्चर अभी बाकी है’

एएनआइ के अनुसार, मुंबई स्थित ईरान के महावाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को ट्रंप की धमकियों का जवाब देते हुए बॉलीवुड स्टार शाहरुख खान के मशहूर डायलॉग ‘ये तो सिर्फ ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है’ का इस्तेमाल करते हुए संकेत दिया कि ईरान की प्रतिक्रिया अभी और तीखी हो सकती है।

एक्स पर पोस्ट में ईरान ने ट्रंप के उस दावे पर भी तंज कसा, जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरानी नौसेना खत्म हो चुकी है। दूतावास ने लिखा कि फारस की खाड़ी की रेड बीज (लाल मधुमक्खियां)- यानी तेज रफ्तार मिसाइल नौकाएं- अब भी सक्रिय हैं और किसी भी वक्त जवाब देने को तैयार हैं।

सिर्फ मुंबई ही नहीं, बल्कि लंदन, अंकारा, बेरूत, घाना, दक्षिण अफ्रीका, जिंबाब्वे और अन्य जगहों पर मौजूद ईरानी दूतावासों ने भी हाल के दिनों में इसी तरह के व्यंग्यात्मक और तीखे पोस्ट साझा किए हैं। इन पोस्टों में कहीं ट्रंप के बयानों का मजाक उड़ाया गया, तो कहीं इजरायल की सैन्य कार्रवाई पर सवाल उठाए गए।

एपी के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने भी एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें ट्रंप को एक म्यूजिकल स्टाइल वीडियो में दिखाया गया, जहां वह जहाजों को नाकेबंदी से गुजरने देने की अपील करते नजर आते हैं। इस क्लिप में वह गाने के अंदाज में कहते हैं, ‘अगर तुम मुझे रोकोगे, तो मैं तुम्हें रोकूंगा। पोस्ट के कैप्शन में लिखा था- ट्रंप का ‘ब्लॉकेड।’

पिछले दिनों ईरान में मार गिराए गए अमेरिकी लड़ाकू विमान के पायलट ने ईरान में दो दिन तक छिपकर बिताए थे। इस दौरान पायलट की मां ने उसकी सुरक्षित वापसी की अपील की थी।

इस पर पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के दूतावास ने कहा था कि आपका बेटा ट्रंप के देश से ज्यादा सुरक्षित ईरान में महसूस करेगा।

Back to top button