झारखंड में वोटिंग के दौरान में हुआ हमला, नौ बजे तक 11 फीसदी हुआ मतदान

झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के तहत 13 सीटों पर प्रथम चरण के लिए मतदान जारी है। चतरा जिले में 11.5 फीसदी, गुमला में 7.85 फीसदी, लोहारदंगा में 11.68 फीसदी, लातेहार में 13.23 फीसदी, पलामू में 10 फीसदी और गढवा में 10.49 फीसदी मतदान हो चुका है। इस चरण में कुल 37,83,055 मतदाता 189 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

मतदान के दौरान गुमला जिले के बिष्णुपुर में नक्सलियों ने एक पुल को उड़ा दिया। इस दौरान किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उपायुक्त शशि रंजन के अनुसार, इस घटना से मतदान प्रभावित नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जनता से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपका एक मत राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनय कुमार चौबे ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पहले चरण के 13 सीटों के लिए 30 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस चरण में 27-चतरा (एससी), 68-गुमला (एसटी), 69-बिशुनपुर (एसटी), 72-लोहरदगा (एसटी), 73-मनिका (एसटी), 74- लातेहार (एससी), 75-पांकी, 76-डाल्टेनगंज, 77-विश्रामपुर, 78-छत्तरपुर (एससी),79- हुसैनाबाद, 80- गढ़वा और 81-भवनाथपुर सीट के लिए कुल 189 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें 174 पुरुष और 15 महिला उम्मीदवार हैं।





