जोधपुर से जैसलमेर जा रही बस पलटी, एक महिला सहित पांच की मौत

जोधपुर। जोधपुर से जैसलमेर जा रही एक निजी बस सोमवार सुबह पोकरण से आगे धोलिया गांव के निकट पलट गई। इस हादसे में एक महिला सहित पांच जनों की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल लोगों को जोधपुर लाया जा रहा है। 
– एक निजी बस आज तड़के जोधपुर से जैसलमेर के लिए रवाना हुई। सुबह करीब साढ़े आठ बजे धोलिया गांव के निकट सड़क पर आए एक पशु को बचाने के प्रयास ने चालक ने जोर से ब्रेक लगाए। बस की गति अधिक होने के कारण ब्रेक लगाते ही यह पलट गई। पलटने के पश्चात बस काफी दूरी तक घिसटते हुए चली गई।
– सुबह के समय अधिकांश सवारियां नींद ले रही थी। ऐसे में बस के पलटने के दौरान उन्हें संभलने का अवसर ही नहीं मिला। बस पलटते ही कोहराम मच गया और बस में फंसे लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे।
ये भी पढ़ें: इंटरनेट पर धमाल मचा रहे हैं एवेंजर्स, Infinity War का ट्रेलर, 24 घंटे में बना वर्ल्ड रिकॉर्ड
महिला ने घटनास्थल पर दम तोड़ा
– वहां से निकलने वाले अन्य वाहन चालकों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घटना स्थल पर ही एक महिला की मौत हो गई। विभिन्न वाहनों में घायलों को पोकरण लाया गया। इलाज के दौरान चार जनों ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में 23 लोग घायल हो गए। इनमें से गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को जोधपुर लाया जा रहा है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है।





