जेट एयरवेज के आर्थिक संकट में: यात्रियों की याचिका पर जेट एयरवेज और डीजीसीए को नोटिस

जेट एयरवेज के आर्थिक संकट में आने के बाद यात्रियों ने बुकिंग के पैसे की वापसी को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। यात्रियों की याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को जेट एयरवेज को नोटिस जारी किया है। इसी याचिका पर कोर्ट ने डीजीसीए और उड्डयन मंत्रालय (Ministry of Civil Aviation) को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अब इस पर 16 जुलाई को सुनवाई होगी। 
गौरतलब है कि जेट एयरवेज की सभी उड़ानें ठप होने से सैकड़ों यात्रियों के सामने दोहरी मुश्किल आ गई है। एक तरफ उन्हें पूर्व नियोजित यात्रा को पूरा करने के लिए काफी ऊंचे दाम पर नया टिकट खरीदना पड़ रहा है, तो दूसरी ओर रद हुए टिकट का रिफंड पाने के लिए भी मशक्कत करनी पड़ रही है।
एयर इंडिया के एक पूर्व अधिकारी और एयरोस्पेस एक्सपर्ट का कहना है कि एयरलाइन के पास भीषण नकदी संकट है, जिसकी वजह से उसे संचालन पूरी तरह बंद करना पड़ा। ऐसे में यात्रियों को टिकट के पैसे लौटाने में मुश्किल आ सकती है।





