जीतने के बाद BJP ने अब विधानसभा चुनाव की ओर कर लिया रुख

लोकसभा चुनाव में हरियाणा की सभी 10 सीटें जीतने के बाद BJP ने अब विधानसभा चुनाव की ओर रुख कर लिया है। लोकसभा चुनाव में BJP नेे 90 विधानसभा सीटों में से 79 पर बढ़त हासिल की है। Congress मात्र 10 सीटों पर बढ़त बना पाई, जबकि जननायक जनता पार्टी ने एक सीट पर बढ़त बनाई।

लोकसभा चुनाव के नतीजों से उत्साहित BJP का टारगेट अक्टूबर में होने वाले विधानसभा चुनाव में कम से कम 80 सीटें जीतने का है। BJP के लोकसभा चुनाव प्रभारी कलराज मिश्र ने हालांकि 90 की 90 विधानसभा सीटें जीतने का मंत्र कार्यकर्ताओं को दिया है, लेकिन पार्टी का मानना है कि यदि 80 सीटों पर जीत हासिल हो गई तो यह बड़ी उपलब्धि होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में BJP ने 47 सीटें जीतकर पहली बार अपने बूते पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी।

प्रदेश के तमाम विपक्षी दल लोकसभा और विधानसभा चुनाव के मुद्दे अलग-अलग होने की दुहाई देकर BJP को घेरने का दम भर रहे हैैं, लेकिन बिखरे विपक्ष के लिए यह आसान नजर नहीं आ रहा है। पिछले चुनाव में 17 सीटें हासिल करने वाली Congress लोकसभा चुनाव में 10 सीटों पर खिसक गई, जबकि वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु के नारनौंद हलके में जजपा के दुष्यंत चौटाला सबसे आगे रहे हैैं।

BJP लोकसभा चुनाव में नारनौंद के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हलके गढ़ी सांपला किलोई, गीता भुक्कल के झज्जर, आनंद सिंह दांगी के महम, रघुबीर सिंह कादियान के बेरी, जयवीर वाल्मीकि के खरखौदा, श्रीकृष्ण हुड्डा के बरौदा, जाकिर हुसैन के नूंह, नसीम अहमद के फिरोजपुर झिरका और रहीश खान के पुन्हाना हलके में पीछे रही है। हालांकि आजाद विधायक रहीश खान BJP में शामिल हो चुके हैैं।

11 हलकों के लिए दमदार चेहरों की तलाश

BJP का फोकस इन सभी 11 हलकों में मजबूत उम्मीदवार देकर जीत हासिल करने पर रहेगा। BJP ने जिन 79 हलकों में बढ़त बनाई है वहां भी दोबारा से उन्हीं उम्मीदवारों पर दांव खेला जाएगा, जो जीतने की स्थिति में होंगे। लोकसभा चुनाव में BJP को मोदी के नाम का बड़ा आसरा मिला था, जिसकी संभावना विधानसभा चुनाव में कम है।

विरोध शांत नहीं कर पाए तो कटेंगे विधायकों के टिकट

विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री मनोहर लाल BJP का चेहरा होंगे। दमदार जीत हासिल करने के लिए पार्टी को उन विधायकों के टिकट काटने से कोई गुरेज नहीं होगा, जिनका फील्ड में विरोध है। पार्टी के अंदरूनी सर्वे में करीब डेढ़ दर्जन विधायकों के प्रति विरोध के स्वर उभरने की रिपोर्ट सामने आई है। यदि अगले तीन माह में इन विधायकों ने फील्ड में जनता के आक्रोश को शांत नहीं किया तो उनके टिकट कटना तय है।

पार्टी चुनावी मोड में

हरियाणा BJP अध्यक्ष सुभाष बराला का कहना है कि पार्टी ने पिछले चुनाव में सात लोकसभा सीटें जीती थी और 52 विधानसभा सीटों पर बढ़त हासिल करते हुए 47 सीटों पर जीत का झंडा गाड़ा था। इस बार सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने के साथ ही BJP ने 79 सीटों पर शानदार बढ़त बनाई है, जो कि विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत से भी आगे की सरकार बनाने के संकेत हैं। BJP ने इस बार उत्तर हरियाणा के साथ-साथ मध्य और दक्षिण हरियाणा में भी अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत की है। पार्टी चुनावी मोड में है। संगठन और सरकार के बीच तालमेल बनाकर चुनाव की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।

Back to top button