जीओसी ले. जनरल चेरिश मैथसन ने कहा कि सेना की बढ़ती सामरिक क्षमता देश को बना रही और मजबूत

दक्षिण पश्चिम कमांड के जीओसी ले. जनरल चेरिश मैथसन ने चीन व पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि उत्तर व पश्चिम में हम दुश्मनों से घिरे हैं। वहीं, देश का एक हिस्सा आतंकवाद का गढ़ बना है। इस सबके बाद भी हम बेहतर स्थिति में हैं तो यह विश्व की सर्वश्रेष्ठ सेना के बूते ही है। सेना की बढ़ती सामरिक क्षमता देश को और मजबूत बना रही है।

ले. जनरल मैथसन शनिवार को यहां भारतीय सैन्य अकादमी (आइएमए) में आयोजित पासिंग आउट परेड में बतौर रिव्यूइंग ऑफिसर शरीक हुए। उन्होंने परेड के दौरान युवा अफसरों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा सवरेपरि है। हमें नागरिकों को हमेशा यह अनुभव कराना है कि उनका देश सुरक्षित हाथों में है। इसके लिए उन्होंने हर हाल में अनुशासन में रहने की सीख भी दी।

ले. जनरल ने कहा कि किसी भी सैन्य अधिकारी को राजनीति से दूर रहना चाहिए और सेना पूरी तरह से सेक्युलर है। इसमें किसी भी तरह के वाद के लिए कोई जगह नहीं है। अपने संबोधन के दौरान रिव्यूइंग ऑफिसर ने यह भी बताया कि तीन दशक से अधिक समय पहले वह भी इसी तरह डिल स्क्वायर पर खड़े थे। उन्होंने भी सेना का हिस्सा बनने के बाद बहुत कुछ सीखा है। सबसे बड़ी बात यह कि अपने जोश को कभी कम नहीं होने देना चाहिए, हर पल कुछ नया सीखने का प्रयास करना चाहिए।

धोनी के ग्लब्स पर सेना के लोगो से वास्ता नहीं

दक्षिण पश्चिम कमान के जीओसी ले. जनरल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के कीपिंग ग्लब्स में सेना के विशेष लोगो से सेना का कोई वास्ता नहीं है। यह उनका अपना मामला है और इस बारे में या तो वही बता सकते हैं या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद कुछ कह सकती है।

Back to top button