जापान आफत की बारिश, छह लाख लोगों के लिए हाई अलर्ट…

जापान के दक्षिणी शहर कागोशिमा में मूसलाधार बारिश से आफत आ गई है। बुधवार को इलाके में रहने वाले करीब छह से आठ लाख लोगों को निकासी केंद्रों और अन्य सुरक्षित क्षेत्रों में शरण लेने का आदेश दिया गया है। मूसलाधार बारिश की वजह से इलाके में भूस्खलन और अन्य क्षति होने का खतरा है।
दक्षिणी मुख्य द्वीप क्यूशू पर जून के आखिरी हफ्ते से अब तक लगभग 900 मिमी (35.4 इंच) बारिश हुई है, जहां कागोशिमा स्थित है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि गुरुवार को भी इस इलाके में भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम अधिकारियों ने कागोशिमा, कुमामोटो और मियाजाकी प्रान्तों में मडस्लाइड की चेतावनी जारी की है।
लीबिया: फिर एक के बाद एक कई हवाई हमले, 40 प्रवासियों की मौत
टोक्यो में प्रधान मंत्री शिंजो आबे ने कहा कि निवासियों को अपने जीवन की रक्षा के लिए कदम उठाने चाहिए। उन्हें जल्द से जल्द इन इलाकों से निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए। उन्होंने जरूरत पड़ने पर सेना को बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने का आदेश भी दिया है।
पिछले साल जुलाई में पश्चिमी जापान में लंबे समय तक भारी बारिश होने की वजह से हुए भूस्खलन और बाढ़ से 200 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। तब सरकार की धीमी प्रतिक्रिया के लिए आबे की आलोचना की गई थी। वह बीते 36 वर्षों में जापान की सबसे खराब मौसम आपदा थी। इसे देखते हुए लोगों को एहतियातन सुरक्षित जगहों पर जाने के लिए कहा गया है।





