जल्दी ही सुधारों की नई लहर शुरू की जाएगी: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि मौजूदा सरकार मजबूत जनादेश वाली है और इसकी बदौलत जल्दी ही सुधारों की नई लहर शुरू की जाएगी. इस बार सरकार मौका नहीं गंवाएगी.

उन्होंने कहा कि पिछली मोदी सरकार के कार्यकाल में सुधार के कई कदम इस वजह से आगे नहीं बढ़ पाए क्योंकि ऊपरी सदन (राज्यसभा) में बीजेपी के पास पर्याप्त संख्या नहीं थी. गौरतलब है कि एनडीए सरकार के पिछले कार्यकाल में भूमि सुधार जैसे कई प्रयास परवान नहीं चढ़ पाए थे.

कई जानकार भूमि और श्रम सुधारों जैसे कई सुधार तत्काल करने की मांग कर रहे हैं ताकि अर्थव्यवस्था को कठिन दौर से बाहर निकाला जा सके. सरकार के पास इस बार मजबूत जनादेश है, इसलिए ऐसे सुधारों पर आगे बढ़ना आसान भी है.

वित्त मंत्री ने कहा कि कई ‘बाहरी’ कारकों जैसे जमीन, बिजली की ऊंची कीमत, लैंड यूज में बदलाव आदि की वजह से (जो कंपनियों के हाथ में नहीं होते) मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की प्रतिस्पर्धात्मकता कम हो रही है. लेकिन सरकार इस सेक्टर के राह की बाधाओं को दूर करने के लिए तैयार है.

वित्त मंत्री ने कहा, ‘मुझे पूरा भरोसा है कि अब हम जल्दी ही सुधारों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दिखाएंगे. इसमें मोदी 2.0 को मिले जनादेश से मदद मिलेगी.’  वित्त मंत्री ने कहा, ‘हम ऐसे सुधारों पर आगे बढ़ पाएंगे जिनसे पिछली बार हम चूक गए थे. लेकिन इस बार चूक नहीं होगी.’

Back to top button