चोरी कर गरीबों में बांटने वाले रॉबिनहुड चोर ने किए सनसनीखेज खुलासे, कुछ नेता भी शक के दायरे में


पुलिस अधिकारियों ने इस बात का खुलासा करने से इनकार कर दिया कि वह किन नेताओं से मिलता-जुलता था। दक्षिण-पूर्व जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी इरफान अपनी मां को हर महीने तीन हजार रुपये खर्च के लिए देता था, जबकि भोजपुरी फिल्मों की हेरोइन व गर्लफ्रेंड के ऊपर खूब पैसे लुटाता था।
गर्लफ्रेंड को बताता था कि वह प्राइवेट कंपनी में बड़े पद पर नौकरी करता है। इरफान ने फेसबुक पर आर्यन खन्ना नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी। इसमें वह खुद को खन्ना इंड्रस्टीज का मैनेजिंग डायरेक्टर बताता था।
आरोपी ने सबसे ज्यादा वारदात दिल्ली के पॉश इलाके न्यू फेंड्स कॉलोनी (एनएफसी) में की है। जब वह वारदात करने जाता था, तो उसका एक साथी मोटरसाइकिल से उसे टारगेट वाले स्थान पर छोड़कर जाता था।
पुलिस ने जब इरफान को फोन कर बताया कि उसका फोन फला घर में रह गया है, तो वह जामिया नगर से फरार हो गया। यहां से वह पहाड़गंज आ गया। पहाड़गंज में इसे हर पब व रेस्तरां वाला जानता है।
आरोपी इतना शातिर था कि जल्दी-जल्दी अपना मोबाइल नंबर व सेट बदल लेता। साथ में ये जिन लोगों से बात करता, उसके भी मोबाइल नंबर व सेट बदलवा देता। वह चोरी के सामान को दिल्ली के चांदनी चौक, नेपाल बॉर्डर व बिहार में बेचता था।





