चुनाव आयोग आज कर सकता है 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान

लखनऊ: चुनाव आयोग आज 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है। इसके लिए दोपहर बाद चुनाव आयोग ने प्रेस कांफ्रेस भी रखी है जिसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिजोरम के साथ-साथ तेलंगाना के लिए भी चुनाव कार्यक्रम का ऐलान हो सकता है। मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर आज घोषणा हो सकती है। माना जा रहा है कि चुनाव आयोग ने इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और आज दोपहर बाद चुनाव की तारीखों की घोषणा करेगा। इसके बाद राज्यों में आचार संहिता लागू हो जाएगी।
बता दें कि मध्य प्रदेश में कुल 231 सीटों पर चुनाव होगा, जबकि राजस्थान में 200 सीटों पर, छत्तीसगढ़ में 91 सीटों पर, मिजोरम में 40 सीटों पर और तेलंगाना में कुल 119 सीटों पर विधानसभा चुनाव होने हैं। इन पांचों राज्यों में से तीन राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में इस वक्त बीजेपी की सरकार है।
अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले, 5 राज्यों के चुनाव काफी अहम है। इन चुनावों के नतीजों का 2019 के चुनाव पर भी असर पड़ सकता है। वहीं राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मिजोरम में इसी साल विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो रहा है, जिससे मद्देनजर इन राज्यों में चुनाव होना तय है। हालांकि, तेलंगाना को लेकर भी चुनाव आयोग घोषणा कर सकता है, क्योंकि वहां की विधानसभा भंग हो चुकी है।6 सितंबर को तेलंगाना में राज्यपाल ईएसएल नरसिंहन विधानसभा भंग कर दी। इसके बाद से माना जा रहा था कि तेलंगाना में इसी साल चार राज्यों के साथ चुनाव हो सकते हैं।
तेलंगाना में विधानसभा भंग किए जाने के बाद तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (टीआरएस) ने कुल 105 कैंडिडेट्स की पहली सूची जारी कर दी थी। गौरतलब है कि प्रदेश में विधानसभा भंग होने के बावजूद अभी के चंद्रशेखर राव यहां के कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में काम कर रहे हैं। इससे पहले चुनाव के लिए सुरक्षा इंतजाम को चाक-चौबंद करते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में करीब 25,000 सुरक्षाकर्मियों की चुनाव ड्यूटी पर तैनाती का आदेश दिया गया है। इन अर्धसैन्यकर्मियों और राज्य पुलिसकर्मियों को उनके लिए तय किए गए राज्यों में 15 अक्टूबर तक अपनी जिम्मेदारी संभाल लेने को कहा गया है। ये जवान चुनाव के लिए भेजे जाने वाली अतिरिक्त 250 कंपनियों का हिस्सा हैं।

Back to top button