चारा घोटाला: बचाव के लिए लालू को मिले तीन दिन, गवाहों के साथ पहुंचेंगे…

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद चारा घोटाले में अपने बचाव में गवाहों के साथ 19 जुलाई को रांची पहुंचेंगे। 20 जुलाई को चारा कांड संख्या आरसी 64ए/96 मामले में गवाही की तारीख निर्धारित की गयी है। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत ने लालू के छह गवाहों को समन जारी करने का निर्देश दिया है।

लालू गवाहों को लेकर 19 को रांची पहुंचेंगे तथा 22 जुलाई को रांची से वापस जा सकेंगे। अदालत ने लालू को अपने बचाव के लिए तीन दिनों का समय दिया है। जो 20, 21 व 22 जुलाई निर्धारित है। इन तीन दिनों के अंदर लालू के छह गवाहों को प्रस्तुत करने को कहा गया है। देवघर कोषागार से 89 लाख रुपए की अवैध निकासी से जुड़े 64ए/96 मामले में लालू की ओर से गवाह प्रस्तुत किये जा रहे हैं।
मामले में अब तक पांच गवाहों को प्रस्तुत किया गया है। अधिवक्ता के अनुरोध पर अदालत ने 20 जुलाई निर्धारित की है। उधर चारा कांड संख्या आरसी 68ए/96 मामले की सुनवाई डे-टू-डे चल रही है। इस मामले में बचाव पक्ष की गवाही दर्ज की जा रही है। लालू ने इस मामले में तीन गवाहों को प्रस्तुत किया है। अगली सुनवाई की तारीख 17 जुलाई निर्धारित की गयी है।
लालू के अधिवक्ता प्रभात कुमार ने बताया कि कोर्ट को गवाहों को प्रस्तुत करने के बारे में जानकारी दे दी गयी है। इस मामले में भी 20 से 22 जुलाई तक गवाहों को प्रस्तुत किया जाएगा। चाईबासा कोषागार से 37.61 करोड़ रुपए की अवैध निकासी से जुड़े इस मामले में लालू समेत 57 आरोपी ट्रायल फेस कर रहे हैं। वही चारा कांड संख्या आरसी 38ए/96 व आरसी 47ए/96 मामले की सुनवाई डे-टू-डे हो रही है। दोनों मामले की अगली सुनवाई की तारीख 17 जुलाई से निर्धारित की गयी है।





