चांद पर मिली पृथ्वी की पुरानी चट्टान

वैज्ञानिकों का दावा है कि उन्होंने चंद्रमा पर पृथ्वी की पुरानी चट्टान का पता लगा लिया है। दरअसल अपोलो-14 के अंतरिक्षयात्री जब चांद की सतह से इसके नमूने लेकर आ रहे थे, तब उन्होंने सोचा भी नहीं था कि वे धरती को उसके शुरुआती इतिहास से मिला रहे हैं।

अमेरिका के सेंटर ऑफ लूनार साइंस एंड एक्सप्लोरेशन (सीएलएसई) से जुड़ी एक अंतरराष्टीय टीम को इस बात के प्रमाण मिले कि इस चट्टान को पृथ्वी से एक बड़े क्षुद्रग्रह या धूमकेतु द्वारा प्रक्षेपित किया गया था।
अनुसंधानकर्ताओं का मानना है कि एक बड़ा धूमकेतु या क्षुद्रग्रह पृथ्वी से टकराया होगा और इसके टुकड़े वातावरण से होते हुए अंतरिक्ष में पहुंचे होंगे। इसके बाद यह चट्टान चांद से टकरा गयी थी क्योंकि मौजूदा समय के मुकाबले चांद तब पृथ्वी से तीन गुना ज्यादा नजदीक था।
‘अर्थ एंड प्लांटरी साइंस लेटर्स नाम की पत्रिका में प्रकाशित हुए एक अध्ययन में बताया गया कि इसके बाद यह चट्टान चंद्रमा की सतह की चीजों में मिश्रित हो गयी।

Back to top button