घरेलू विवाद के चलते पत्नी को बाजार में रोककर पति ने उसे कहे अश्लील शब्द, साली के Mobile पर भी भेजे ऐसे Message

घरेलू विवाद के चलते अलग रह रही पत्नी को बीच बाजार में रोककर पति ने उसे अश्लील शब्द कहे। आरोपित ने वहीं पर उसके साथ हाथापाई भी की। बाद में आरोपित ने अपनी साली के मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एएसआइ मोहन सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान गांव ललतों कलां निवासी ज्वॉय के रूप में हुई। पुलिस ने हरगोबिंद नगर निवासी महिला की शिकायत पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया। मार्च 2019 में पुलिस कमिश्नर को दी शिकायत में उसने बताया कि 2007 में उसकी शादी आरोपित के साथ हुई थी। शादी के कुछ ही समय बाद दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। इसके चलते वह उससे अलग होकर अपने मायके घर चली गई और अदालत में तलाक का केस दायर कर दिया।
14 फरवरी को वह रिक्शा पर सवार होकर सीएमसी अस्पताल जा रही थी। उसी दौरान आरोपित ने अपने मोटरसाइकिल को आगे लगाकर जबरन उसके रिक्शा को रुकवा दिया। रिक्शा के रुकते ही आरोपित ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दिया। विरोध करने पर वह हाथापाई पर उतर आया। किसी तरह वहां से बचकर वह अपने घर चली गई।
बाद में आरोपित ने उसकी बहन को अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। मामले की जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल महिला की ओर से सीपी को दी गई शिकायत पर जांच के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।





