गोसाईं कत्लकांड : रेड करने गाजियाबाद गई NIA टीम पर हमला, एक जख्मी

गाजियाबाद/जालंधर.लुधियाना में आरएसएस नेता रविंदर गोसाईं कत्ल के मामले में एक संदिग्ध को पकड़ने गाजियाबाद के एक गांव गई एनआईए और यूपी पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। पथराव और फायरिंग में गोली लगने से एसओजी जवान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इस दौरान पुलिस की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिसवाले फायरिंग करते हुए खुद को बचाकर गांव से भागे। आरोपी बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए फरार हो गया। दो को हिरासत में लिया गया है।
गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को आरएसएस के शाखा प्रमुख रविंदर गाेसाईं की बाइक सवार दो आतंकियों ने गोलियां मारकर कत्ल कर दिया था। इस मामले की जांच नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी को सौंप दी गई थी। घटना के बाद एनआईए टीम ने बताया कि लुधियाना में आरएसएस नेता की हत्या के मामले में आरोपी मलूक ने ही हथियार सप्लाई किए थे। एनआईए की टीम 2 दिसंबर को मेरठ पहुंची। जहां से उसे मलूक के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद एनआईए, यूपी एटीएस, एसओजी टीम रविवार तड़के 5 बजे गांव नहाली में मलूक के घर दबिश देने पहुंची। जहां मलूक फायरिंग करते हुए फरार हो गया। इसके बाद मलूक के परिजन और ग्रामीणों ने एनआईए समेत पुलिस टीम को घेर लिया और उनपर जमकर पथराव फायरिंग की। इस दौरान पैर में गोली लगने से एक सिपाही तहजीब घायल हुआ है। कई पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आईं हैं।
गाड़ियां भी तोड़ीं, जान बचाकर भागी पुलिस
गोसाईं कत्लकांड मामले में एनआईए ने मेन शूटर हरदीप सिंह उर्फ शेरा और रमनदीप सिंह रमणा को रिमांड पर लिया था। इनसे पूछताछ के बाद पता चला कि इन्हें हथियार यूपी से मुहैया कराए गए। एनआईए टीम ने 2 दिसंबर की रात को मेरठ पहुंची और वहां से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। उससे मलूक का पता चला। रविवार तड़के वहां दबिश दी गई।
ये भी पढ़ें: NIA का बड़ा दावा- शादी से पहले ISIS के संपर्क में था हादिया का पति
कार्यवाहक एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले मलूक और उसके भाई चाचा तरीकत, नौशाद और नौभार समेत 50 लोगों के खिलाफ भोजपुर थाने के एसओ रामेश्वर दयाल की ओर से केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पथराव करने के एक आरोपी नाजिम को गिरफ्तार भी कर लिया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जाएगी।





