गांधी जयंती: सीएसआईआर-सीमैप ने मलिन बस्तियों में बांटे मच्छर प्रतिरोधक लोशन

लखनऊ। 150 वीं महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत सीएसआईआर-सीमैप ने लखनऊ की झुग्गी-झोपडि‌‌यों और मलिन बस्तियों में मच्छर के द्वारा उत्पन्न बीमारियों की रोकथाम पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस जागरुकता कार्यक्रम के दौरान सीमैप से वैज्ञानिक, तकनीकी अधिकारी एवं शोधार्थियों ने निराला नगर एवं गोम्ती नगर विस्तार समेत विभिन्न मलिन बस्तियों का दौरा किया।
गांधी जयंती के मौके पर मच्छर जनित रोगों को लेकर दी गयी जानकारी
150 वीं महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत बस्तियों में रह रहे लोगों को मच्छर जनित रोगों एवं उनसे बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही सीएसआईआर-सीमैप द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के तहत मलिन बस्तियों में मच्छरों से बचाव हेतु विशेष जागरुकता अभियान एवं सीमैप द्वारा विकसित मच्छर प्रतिरोधक लोशन का वितरण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ आलोक कालरा, मुख्य वैज्ञानिक, सीमैप द्वारा की गई।

डॉ कालरा ने बताया कि बरसात के बाद जल-भराव एवं गर्मी के प्रभाव से मच्छरों से होने वाली बीमारियों के संक्रमण का सबसे अधिक खतरा रहता है। इसलिए हमें अपने आस-पास सफाई रखनी चाहिये ताकि मलेरिया, डेंगु, चिकनगुनिया, जीका वायरस, जापानी एन्सेफलाइटिस इत्यादि भयंकर बीमरियों से बचा जा सके।

पढ़ें:- लखनऊ : CSIR-सीमैप को मिला मेरिट टेक्नोलॉजी अवॉर्ड-2018
कार्यक्रम के दौरान लगभग 1500 परिवरों को सीमैप द्वारा विकसित मच्छर प्रतिरोधक लोशन – ‘मोसेक्स’ का वितरण भी किया गया। डॉ कालरा ने बताया कि इस तरह की गतिविधियॉ मच्छरों के प्रकोप बढ़ने पर समय-समय पर आगे भी की जायेंगी । इस कार्यक्रम का संचालन डॉ डी यू बावनकुले ने किया जिसमें सीमैप के डॉ एम पी दारोकर, डॉ रमेश श्रीवास्तव, डॉ अनिरबन पाल, डॉ त्रिप्ता झंग, इ. मनोज सेमवाल तथा अन्य वैज्ञानिक एवं शोधार्थियों ने भी हिस्सा लिया।

The post गांधी जयंती: सीएसआईआर-सीमैप ने मलिन बस्तियों में बांटे मच्छर प्रतिरोधक लोशन appeared first on .

Back to top button