गांधी की मूर्ति के सामने वाले मोदी उनके ही विचारों के खिलाफ लड़ते हैं: राहुल गांधी

अहमदाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी गुजरात के वड़ोदरा पहुंची। यहां पर उन्होंने गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राहुल गांधी ने गांधी संकल्प रैली को संबोधित किया। राहुल ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि गांधी जी की मूर्ति के सामने जा कर हाथ जोड़ते हैं। मगर जिस विचार, सत्य और अहिंसा के लिये गांधी जी ने अपनी जान दी। मोदी जी रोज उसके खिलाफ लड़ते हैं।
गांधी जी के विचारों के खिलाफ लड़ते हैं पीएम मोदी : राहुल गांधी
गुजरात के वड़ोदरा में आयोजित गांधी संकल्प रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आज यहां हम गांधी जी की याद में आये हैं और आज लाल बहादुर शास्त्री जी को हम याद करते हैं। गांधी जी ने पूरे देश को रास्ता दिखाया था। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया में हिंसा थी, द्वितीय विश्वयुद्ध का समय था, हिटलर का समय था और हिंदुस्तान के नेता ने कहा कि हम दुनिया के सुपर पावर को हरायेंगे और प्यार से लड़कर हराएंगे। गांधी जी ने अपनी पूरी जिंदगी में न किसी से नफरत की, न किसी से हिंसा की, न किसी के बारे में गलत बोला।
इस दौरान पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री जी का भाषण हुआ। उसमें पीएम मोदी ने कहा मेरे प्रधानमंत्री बनने से पहले हाथी सो रहा था, उसके पहले हिंदुस्तान में कुछ नहीं हुआ। ये हिंदुस्तान की जनता का अपमान है, गाँधी जी का अपमान है। उन्होंने कहा कि गांधी जी की मूर्ति के सामने जा कर हाथ जोड़ते हैं, मगर जिस विचार, सत्य और अहिंसा के लिये गांधी जी ने अपनी जान दी। मोदी जी रोज उसके खिलाफ लड़ते हैं। गांधी जी ने कहा देश को जोड़ना है, मोदी जी कहते हैं देश को तोड़ना है; गाँधी जी ने कहा सत्य बोलो, मोदी जी रोज झूठ बोलते हैं।
राफेल डील पर राहुल गांधी का पीएम मोदी पर बड़ा हमला
राहुल गांधी ने रोजगार के मुद्दे पर पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी जी ने युवाओं से हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था और आप सब जानते हैं। यह पूरी तरह झूठ निकला। राफेल मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मोदी जी एक बात बता दीजिए, आपने हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड से राफेल हवाई जहाज का कांट्रैक्ट छीन कर आपके मित्र अनिल अंबानी जी को क्यों दिया। जिसकी जेब में आपने हिंदुस्तान के युवाओं का, माताओं-बहनों का, किसानों का 30,000 करोड़ रुपया छीन कर डाला, उसमें आपका क्या लक्ष्य है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अनिल अंबानी पर 45,000 करोड़ रुपये का कर्जा है, उसको मोदी जी ने राफेल हवाई जहाज का कांट्रैक्ट दिया। सौदे से 10 दिन पहले अंबानी जी ने कंपनी बनाई। 526 करोड़ रुपये के हवाई जहाज को नरेन्द्र मोदी जी ने 1600 करोड़ रुपये में कैसे खरीदा। उन्होंने कहा कि फ्रांस के राष्ट्रपति कहते हैं कि हिंदुस्तान की सरकार और नरेन्द्र मोदी ने अनिल अंबानी को राफेल हवाई जहाज का कांट्रैक्ट देने के लिए कहा था
उन्होंने कहा कि राफेल के सवालों पर प्रधानमंत्री देश की आंख से आंख नहीं मिला पाये क्योंकि, प्रधानमंत्री ने अनिल अंबानी की जेब में 30 हजार करोड़ रुपये डाले हैं; क्योंकि प्रधानमंत्री देश से झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चार साल में नरेन्द्र मोदी जी ने हिंदुस्तान के सबसे अमीर 15-20 अमीर लोगों का 3 लाख 20 हजार करोड़ रुपया कर्जा माफ कर दिया। हिंदुस्तान के हर प्रदेश का किसान हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री से कहता है, हमारा कर्जा माफ कीजिये। लेकिन प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री जी साफ़ इंकार कर देते हैं।
The post गांधी की मूर्ति के सामने वाले मोदी उनके ही विचारों के खिलाफ लड़ते हैं: राहुल गांधी appeared first on .

Back to top button