क्राइम मीटिंग में एसपी ने पढ़ाया पुलिसिंग का पाठ, पांच थाना प्रभारियों को लापरवाही पर चेतावनी

सीतापुर: जिले में बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए शनिवार की देर रात समस्त पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ पुलिस लाइन सभागार में बैठक की। बैठक में एसपी ने लापरवाही बरतने वाले पांच थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी जारी की है। साथ ही सभी को पुलिसिंग पर विशेष रुप से ध्यान देने के आदेश दिया। एसपी ने कड़े शब्दों में कहा है कि अपराधियों के साथ किसी भी प्रकार की नर्मी न बरती जाए और आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध ढ़ंग से निस्तारण किया जाए।
एसपी आरपी सिंह ने थानों पर समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली करने पर महोली, मिश्रिख, इमलिया सुल्तानपुर, कोतवाली नगर एवं तंबौर के प्रभारियों को चेतावनी दी है। एसपी ने जिन थानाध्यक्षों द्वारा अपराध रोकने में लापरवाही की जा रही है, उनके चिन्हित कर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी है। एसपी ने कहा कि जनता, जनप्रतिनिधियों और मीडिया के साथ गलत व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हर थानाध्यक्ष सप्ताह में एक बार अपने कर्मचारियों से संवाद कर समस्याओं का निदान कराएंगे और उन्हें टास्क भी देंगे। बीट आरक्षियों को बीट बुक बनाने के साथ उन्हें क्षेत्र और क्षेत्रवासियों को पहचानने की जिम्मेदारी दी जाएगी। एसपी ने निर्देश दिए कि पुलिस कर्मी वर्दी का विशेष ध्यान रखें। बनिा नंबर वाहनों की सघन जांच करें और निरंतर गश्त की जाए। जिले में चिन्हित 26 बाॅर्डरों पर लगातार चेकिंग की जाए। ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए जिन्होंने अपराध से संपत्ति अर्जित की है। ऐसे लोगों की संपत्ति भी जब्त की जाए। महिला अपराधों में भी तत्काल गिरफ्तारी कर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए।





