क्या आप सर्दियों में दही खाते हैं पहले पढ़ लें ये खबर

सर्दियां शुरू हो चुकी हैं और इस मौसम में अगर सबसे अच्‍छा कुछ होता है तो वह है जगह-जगह पर स्‍वादिष्‍ट भोजन. सर्दियों में सभी तरह के व्यंजनों का मजा लेने के साथ-साथ खुद को ठंड से बचाकर रखना भी जरूरी होता है. दरअसल कुछ फूड आइटम्स ऐसे हैं जो खासकर गर्मियों के लिए बने होते हैं और अगर आप उनका सेवन सर्दी के मौसम में करते हैं तो थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत होती है. इन फूड आइटम्स में सबसे मशहूर और लोगों की पसंद है दही.

आमतौर पर माना जाता है कि सर्दियों के दौरान दही खाने से बचना चाहिए क्योंकि इससे ठंड ज्यादा लगती है और गले में भी कई तरह की परेशानी हो सकती है. लेकिन क्या यह बात सच है? आइए जानते हैं क्यों सर्दियों के दौरान दही खाने से मना किया जाता है और अगर खा लें तो क्या होता है. दही अच्छे बैक्टीरिया, विटामिन, प्रोटीन, मैग्नीशियम, कैल्शियम और पोटेशियम से भरपूर होती है. फिर सर्दियों में इससे क्यों बचें? क्या सही में आपको सर्दी में दही खाना चाहिए या इससे बचना चाहिए.

आयुर्वेद के अनुसार, सर्दियों के दौरान दही से बचना चाहिए क्योंकि यह आपकी ग्रंथियों से स्राव को बढ़ाता है, जिससे बलगम का स्राव भी बढ़ता है. दही प्रकृति में कफकारी है, इस प्रकार यह उन लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है जिन्‍हें पहले से ही अस्थमा, साइनस या सर्दी-खांसी जैसी परेशानी हो. इस प्रकार, आयुर्वेद सर्दियों के दौरान और विशेष रूप से रात के समय दही के सेवन से बचने की सलाह देता है.

दही में बहुत ही हेल्‍दी बैक्‍टीरिया पाए जाते हैं, जो आपकी आंतों के लिए काफी फायदेमंद होते हैं. यह एक फर्मेंटेड फूड है जो आपके इम्‍यून सिस्‍टम की कार्यक्षमता को बढ़ाता है. यह कैल्शियम, विटामिन बी 12 और फॉस्फोरस से भरपूर है. सर्दियों के दिनों में दही का सेवन आपके संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है. हालांकि सांस संबंधी समस्या वाले लोगों को दही शाम के बाद नहीं खाना चाहिए क्योंकि यह बलगम पैदा कर सकता है.

विशेष रूप से एलर्जी और अस्थमा से पीड़ित लोगों को इससे काफी अधिक समस्या हो सकती है. दही में विटामिन सी भी भरपूर होता है, जो ठंड से पीड़ित लोगों के लिए बहुत अच्छा होता है. हालांकि उन्हें कमरे के तापमान का ध्यान रखना चाहिए. सर्दियों में दही को जमाने के बाद फ्रिज में न रखें. नॉर्मल रूम टैम्प्रेचर में ही इसका सेवन करें.

Back to top button