कोरोना वायरस : हज हाउस और होटलों में रखे जाएंगे कोरोना के मरीज

लखनऊ : लखनऊ में कोरोना से निपटने के सारे इंतजाम किए जा रहे हैं. अब तक यहां 8 पॉजिटिव केस आए हैं. उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में कोरोना वायरस पैर फैला चुका है. ताजा मामला बरेली में सामने आया है. इसके अलावा आगरा में 10, गौतमबुद्ध नगर में 22, गाजियाबाद में 5, जौनपुर में एक, कानपुर में एक, लखीमपुर में एक, लखनऊ में 8, मुरादाबाद में एक, पीलीभीत में 2, शामली में 1, बागपत में एक, मेरठ में 13, वाराणसी में एक केस सामने आ चुके हैं. जिला प्रशासन ने हज हाउस समेत कई पांच स्टार होटल को अधिग्रहण करने का फैसला किया है.
हज हाउस का इस्तेमाल मरीजों के क्वारनटीन सेंटर के लिए किया जाएगा, जबकि होटलों में मेडिकल स्टाफ को क्वारनटीन किया जाएगा. होटल हयात, होटल फेयरफील्ड, होटल पिकाडली, होटल लेगन ट्री का अधिग्रहण किया गया है. जिला प्रशासन ने इन होटलों में मरीजों की सेवा कर रहे डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को क्वारनटीन करने का फैसला किया है.
इसके अलावा लखनऊ जिला प्रशासन की ओर से हज हाउस का भी अधिग्रहण किया गया है. हज हाउस का अधिग्रहण 14 अप्रैल तक किया गया है. कानपुर रोड स्थित हज हाउस को अब क्वारनटीन के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. इसमें तकरीबन 5000 बेड की सुविधा मौजूद है.

Back to top button