कोरोना का रोना : लॉकडाउन में छह गुना बढ़ी इंटरनेट डाटा की खपत
लखनऊ : कोरोना के चलते हुए लॉकडाउन के कारण अब घरों पर रहने वाले लोग समय काटने के लिए स्मार्ट मोबाइल फोन पर इंटरनेट डाटा का अधिक इस्तेमाल कर रहे हैं। इससे इंटरनेट डाटा की खपत तेजी से बढ़ी है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक देश में एक उपभोक्ता औसतन 11 जीबी इंटरनेट डाटा इस्तेमाल करता है। इस समय जबकि लॉकडाउन है। कोई यूट्यूब पर गाने देख रहा है तो कोई वेब सीरीज देखना पसंद कर रहा है। एक जीबी डाटा प्रतिदिन इस्तेमाल करने में 30 मिनट की मूवी और करीब 100 गानों को देखा जा सकता है। इस कारण प्रतिदिन ही एक जीबी से अधिक डाटा इस्तेमाल किया जा रहा है।
इसके अलावा लोग परिवारीजन और रिश्तेदारों से सीधे मोबाइल फोन पर संपर्क कर रहे हैं। कॉल मॉनिटरिंग करने वाला दूरसंचार विभाग के सेल की मानें तो अपनी बातों का 40 से 50 सेकेंड में पूरी करने वाले लोग सात से आठ मिनट तक अब बात कर रहे हैं। यह समय सुबह 11 से दोपहर दो और शाम पांच से सात बजे तक का है।
दूसरी ओर लॉकडाउन में दूरसंचार कंपनियों ने भी उपभोक्ताओं के लिए दिल खोल दिया है। कई निजी कंपनियों ने ग्राहकों की वैधता अवधि बढ़ाते हुए अतिरिक्त टॉक टाइम और डाटा की सौगात दी है।





