कैलाश मानसरोवर भवन का सीएम योगी ने किया शिलान्यास

कहा, भवन को बनने से रोकने का किया गया प्रयास 
प्रदेश में पर्यटन की हैं अपार संभानाएं 
50 करोड़ की लागत से बनेगा मानसरोवर भवन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गाजियाबाद के इंदिरापुरम में कैलाश मानसरोवर भवन का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरकारें समाधान के लिए होती है। जाति-धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। आपकी सरकार आपके आकांक्षाओं पर खरी उतरेगी। सरकारी योजनाओं के केंद्र में युवा, किसान, महिलाएं और मजदूर हैं। बहुत सारे लोगों ने प्रयास किया कि मानसरोवर भवन का निर्माण न हो। जिस जमीन पर यह भवन बनना था उसे विवादित किया गया। इस पर सरकार ने भवन के लिए अलग जमीन खरीदी। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन के विकास की अपार संभावनाएं हैं। इस भवन के निर्माण से कैलाश मानसरोवर और कांवड़ यात्रियों को सुविधा मिलेगी। सीएम ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों ने लोगों को राह दिखाई है। किसानों की समस्या को लेकर सरकार गंभीर है। आपकी उम्मीदों पर सरकार पूरी तरह खरी उतरेगी। उन्होंने कहा कि स्कूलों की फीस वृद्धि की समस्या का भी समधान किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रदेश की कमान संभालने के तत्काल बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले राज्य के तीर्थयात्रियों को एक लाख रुपये अनुदान दिए जाने का ऐलान किया था। इसके पहले यात्रियों को दी जाने वाली अनुदान राशि 50 हजार रुपए थी। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण करने का भी निर्णय लिया गया था। कैलाश मानसरोवर भवन के निर्माण में करीब 50 करोड़ की लागत लगेगी। जानकारी के मुताबिक, कैलाश मानसरोवर भवन में 20 कमरों के साथ एक सेंट्रल एसी हॉल भी बनाया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता धमार्थ कार्य मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया। इस मौके मंत्री श्रीकांत शर्मा सहित 
भाजपा के अनेक पदाधिकारी व अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button