चंडीगढ़. पंजाबी के प्रसिद्ध शायर सुरजीत पातर पंजाब कला परिषद के नए चेयरमैन होंगे। उनके नाम को सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंजूरी दे दी है। कल्चर अफेयर्स मिनिस्टर नवजोत सिंह सिद्धू मंगलवार सुबह ही लुधियाना में पातर के आवास पर उनको नियुक्ति पत्र देने पहुंचे।
वैसे तो सोमवार को ही यह तय हो गया था कि सुरजीत पातर को इस पद पर बिठाया जा सकता है। सोमवार को कल्चरल पॉलिसी को लेकर हुई मीटिंग में इस बात पर संकेत दे दिया गया था लेकिन किसी भी तरह की अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। बेहद मृदुभाषी डॉ सुरजीत पातर का साहित्यक क्षेत्र में बड़ा कद है। नवजोत सिंह सिद्धू ने उन्हें पंजाब कला परिषद का चेयरमैन लगाने के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनको कला परिषद का चेयरमैन लगाने से इस पद की ही शान बढ़ी है। उन्होंने कहा, डॉ सुरजीत पातर ने यह पद स्वीकार करके पंजाब सरकार का गौरव बढ़ाया है।
डॉ पातर को नियुक्ति पत्र देने के अवसर पर नवजोत सिंह सिद्धू के अलावा लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू,विधायक भारत भूषणआशू, सुरिंदर डाबर, सांस्कृतिक विभाग के डायरेक्टर शिव दुलार सिंह और नगर निगम के कमिश्नर जसकरण सिंह के अलावा प्रसिद्ध लोक गायक पम्मी बाई भी मौजूद थे।
काबिले गौर है कि पूर्व अकाली भाजपा सरकार ने इस पद पर लोक गायिका सतिंदर सत्ती को लगाया था जिसकी काफी आलोचना हुई थी। साहित्यक हलकों में उनके नाम पर कोई सहमति नहीं बनी थी इसके बावजूद पूर्व सरकार ने उन्हें इस पद पर लगा दिया। इस गुस्से को शांत करने के लिए नवजोत सिद्धू ने अपनी पहली ही मीटिंग में इस पर किसी नामवर साहित्यिक शख्सियत को बिठाने की बात की थी। डॉ सुरजीत पातर का नाम आते ही सभी ने इसे एकमत से स्वीकार कर लिया।