कुर्द नेता बरहम सालिह चुने गए इराक के आठवें राष्ट्रपति

कुर्द नेता बरहम सालिह को इराक का नया राष्ट्रपति चुना गया है। पेट्रिओटिक यूनियन ऑफ कुर्दिस्तान (पीयूके) के उम्मीदवार सालिह ने कुर्दिस्तान डेमोक्रेटिक पार्टी (केडीपी) के उम्मीदवार फुवाद हुसैन को हराया। देश के सांसदों ने उनको दूसरे उम्मीदवीरों पर तरजीह देकर वोट दिया। सालिह के नाम एलान मंगलवार शाम को किया गया।
बरहम ने अपने प्रतिद्वंदी को बड़े अंतर से हराया है। फुवाद को सिर्फ 22 वोट मिले, वहीं बरहम को 219। ऐसे में कहा जा सकता है कि बरहम को सभी का समर्थन मिला। हालांकि वोटिंग के बाद विवाद होने पर मतगणना फिर करानी पड़ी थी। बता दें कि सालिह 58 साल के हैं और वह इराक के आठवें राष्ट्रपति हैं।
वैसे किसी कुर्द नेता का इराक के राष्ट्रपति के रूप में चुने पर किसी को हैरानी नहीं है। दरअसल, 2003 के बाद से इराक में राष्ट्रपति हमेशा कुर्द बनता रहा है। प्रधानमंत्री शिया मुसलमान और संसद का स्पीकर सुन्नी बनता है। लगभग 15 साल से ऐसा ही देखने को मिलता रहा है। शपथ ग्रहण में सालिह ने कहा कि इराक की अखंड़ता और सुरक्षा के लिए काम करेंगे। नए राष्ट्रपति के पास संसद के सबसे बड़े गठबंधन को नई सरकार के गठन के लिए 15 दिन का समय होगा।





