किशोरी से दुराचार का प्रयास, किया आग के हवाले

सुलतानपुर, 23 नवम्बर (UjjawalPrabhat.Com)। घर में अकेली किशोरी की गांव के ही चार युवकों ने दुराचार करने का प्रयास किया। किशोरी ने जब इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर पहले किशोरी को जमकर पीटा और फिर दरिंदगी की हद पार करते हुए किशोरी की आग के हवाले कर दिया। परिजनों ने झुलसी किशोरी को हास्पिटल में भर्ती कराया है जहां वो जिंदगी व मौत से जूझ रही है।
मामला लम्भुआ कोतवाली क्षेत्र के सेमरी राजापुर गांव की है। गांव निवासी कमलेश कुमार के घर के सदस्य धान पीटने के लिए घर से निकले हुए थे। वहीं किशोरी शिवांगी (16) घर पर अकेले ही थी। तभी गांव के चार युवक मौके का फायदा उठाकर घर में घुस गए। सभी ने मिलकर किशोरी के साथ दुराचार का प्रयास किया। किशोरी के विरोध करने परयुवकों ने पहले किशोरी को जमकर पीटा और फिर आग के हवाले कर वहां से भाग निकले। चीख़-पुकार की आवाज़ पर जब परिजन घर पहुंचे तब तक किशोरी लगभग 90 प्रतिशत जल चुकी थी।
पुलिस को है तहरीर का इंतजार
आनन-फानन में परिजन किशोरी को सीएचसी लम्भुआ लेकर आए। जहां प्रशासनिक अधिकारियों को दिए बयान में किशोरी ने गांव के रंजीत, छोटे, संजय और विजय नाम के युवक पर आरोप लगाया है। उधर किशोरी की हालत नाजुक देख डाक्टरों ने उसे डिस्ट्रिक्ट हास्पिटल रेफर कर दिया है। वहीं घटना के बाद से मां और घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी आशुतोष मिश्रा ने बताया के इलाज में व्यस्त होने के नाते परिजनों की ओर से अब तक तहरीर नहीं मिली है। जैसे ही तहरीर मिलती है वैसे मुकदमा लिख कर आरोपितों के विरुद्ध कार्यवाई की जाएगी।
नीरज तिवारी

Back to top button