कांग्रेस दफ्तर पहुंचकर प्रियंका गांधी ने संभाली कुर्सी, पदभार किया ग्रहण

नई दिल्ली। कांग्रेस की महासचिव बनाई गई प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को पार्टी कार्यालय पहुंचीं और कार्यभार संभाला। पहले वह पति रॉबर्ट वाड्रा के साथ ईडी के दफ्तर पहुंचीं और फिर यहां से कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। इसी के साथ उन्होंने औपचारिक तौर पर पदभार ग्रहण करते हुए मुलाकातों का सिलसिला भी शुरू कर दिया। समर्थकों ने जोरदार नारे भी लगाए।
ये भी पढ़े :-प्रियंका संग ईडी के दफ्तर पहुंचे रॉबर्ट वाड्रा, होगी पूछताछ 
मालूम हो कि कांग्रेस के लिए आगामी आम चुनाव में वह खासकर यूपी के लिए प्रभावशाली मानी जा रही हैं। वह उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी की चुनाव तैयारियों का आगाज लखनऊ में रोड शो के जरिए करने वाली हैं। इस सिलसिले में उनके 11 फरवरी को वह लखनऊ पहुंच सकती हैं।
प्रियंका 7 फरवरी को पहली बार पार्टी की किसी आधिकारिक बैठक में शामिल होंगी। यह बैठक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी के मद्देनजर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बुलाई हुई है।
ये भी पढ़े :-शिवसेना ने एल्गार सम्मेलन के आयोजकों की निंदा करते हुए अल-कायदा से की तुलना 
पहली बार कांग्रेस मुख्यालय पहुंची प्रियंका ने संवाददाताओं के एक सवाल के जवाब में कहा, ‘मैं अपने पति के साथ खड़ी हूं।’ गौरतलब है कि मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप को लेकर ईडी वाड्रा से पूछताछ कर रही है। इससे पहले प्रियंका के समकक्ष महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी बुधवार को अपना पदभार संभाला। पार्टी कार्यालय में दोनों को एक कमरा दिया गया है, जिसके बाहर दोनों की नेम प्लेट लगी हुई है। सिंधिया ने दीप जलाकर अपना कार्यभार लिया था, जिसके बाद उन्हें बधाइयां मिलने लगीं।

Back to top button