कांग्रेस को बड़ा फायदा, बीजेपी लूज कर सकती है एमपी-राजस्थान

दिल्ली ब्यूरो: चुनाव आयोग ने जैसे ही पांच विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान किया चुनावी तापमान अचानक बढ़ गया। इस ऐलान के बीच पीएम मोदी और पार्टी अध्यक्ष अलग अलग जगहों पर जनता को सम्बोधित करते रहे और कांग्रेस पर हमलावर रहे। कांग्रेस चुनावी तारीखों की घोषणा के बाद सधे कदम से नफे नुक्सान का आकलन कर रही है। मायावती के बाद जैसे ही अखिलेश यादव ने कांग्रेस के साथ अभी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में समझौता नहीं करने का ऐलान किया है, कांग्रेस की रणनीति कुंद सी हो गयी है। कई तरह की रणनीति पर कांग्रेस के लोग अब काम करने लगे हैं। इसी बीच झटका के बीच एक चुनावी सर्वे ने कांग्रेस को थोड़ी राहत देता नजर आ रहा है।
अगस्त में एबीपी न्यूज़ और सी-वोटर की तरफ से किये गये ओपिनियन पोल पर नजर डालें तो कांग्रेस तीनों ही राज्यों सरकार बना सकती है। बीजेपी को एंटी इनकंबेंसी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि सभी सर्वे में लोकसभा चुनाव में बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए को बहुमत मिलता दिख रहा है। एबीपी-सी वोटर सर्वे के मुताबिक, मध्य प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर है। लेकिन बीजेपी पर कांग्रेस दो प्रतिशत वोट के साथ बढ़त बनाती दिख रही है। अन्य के हिस्से 18 प्रतिशत वोट आने की संभावना है। कांग्रेस को 117 तो बीजेपी को 106 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के हिस्से सात सीटें मिलती दिख रही हैं। 2013 के नतीजों के आधार पर देखें बीजेपी को 59 सीटों का नुकसान हो रहा है।
उधर, सर्वे के मुताबिक छत्तीसगढ़ में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर है। दोनों के बीच मात्र एक प्रतिशत वोटों का अंतर है। बीजेपी को 39 प्रतिशत लोग अपना समर्थन जता रहे हैं तो कांग्रेस के हिस्से 40 प्रतिशत लोगों का समर्थन है। सबसे अहम यह है कि अन्य के हिस्से 21 प्रतिशत है। वोट शेयर में महज एक प्रतिशत का अंतर होने के बावजूद सीटों में भारी अंतर दिख रहा है। सर्वे के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में लोग सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। कांग्रेस 54 सीटों के साथ बहुमत पा सकती है। बीजेपी 33 सीटों पर सिमट सकती है. अर्थात 2013 के नतीजों के नजरिए से देखें तो बीजेपी को 16 सीटों का नुकसान और कांग्रेस को 15 सीटों का फायदा हो रहा है।
राजस्थान में राज्य में सत्ता परिवर्तन की लहर चल रही है। सर्वे के मुताबिक, कांग्रेस को 51 प्रतिशत तो बीजेपी को महज 37 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है। अन्य के हिस्से 12 प्रतिशत लोगों का समर्थन है। सर्वे के मुताबिक, राज्य के लोग कांग्रेस को सूबे में सत्ता सौंपना चाहते हैं। सीटों की बात करें तो कांग्रेस को 130 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं बीजेपी 57 सीटों पर सिमट सकती है। अन्य के हिस्से 13 सीटें मिलने की संभावना है। 2013 के नतीजों से तुलना करें तो बीजेपी को 106 सीटों के साथ भारी नुकसान हो रहा है और कांग्रेस को 109 सीटों के साथ काफी फायदा मिल सकता है।





