कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जेपी पांडे का निधन हो गया: उत्तराखंड

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता की सड़क हादसे में मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक वह किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरिद्वार के सबसे सक्रिय राजनीतिक कार्यकर्ताओं में से एक जेपी पांडे का निधन हो गया है।

बताया गया कि बीती रात जटवाड़ा पुल के पास सड़क दुर्घटना हुई। जिसमें उनकी मौत हुई। उनकी मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। वहीं कांग्रेस पार्टी भी शोकाकुल है। राजनीतिक जानकारों ने उनकी मौत को बड़ी राजनीतिक क्षति बताया है। जेपी पांडे चिन्हित राज्य आंदोलनकारी समिति के अध्यक्ष भी थे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य आंदोलन की हरिद्वार में मजबूत आवाज रहे जेपी पांडे बेहद जुझारू प्रवृत्ति के नेता थे। हरिद्वार को उत्तराखंड में मिलाने की मांग को लेकर उन्होंने हरिद्वार में सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर कई साल तक अनवरत धरने का संचालन किया।
राज्य गठन के बाद उन्होंने आंदोलनकारियों को चिन्हित आंदोलनकारी बनाने की लड़ाई बड़ी गंभीरता से लड़ी जो अभी भी जारी थी, हर रोज वह किसी न किसी मुद्दे को लेकर कभी जिलाधिकारी आवास तो कभी सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करते रहते थे।





