ऑल इंडिया पुलिस का गठन होना चाहिए राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी

राजधानी दिल्ली में वकीलों और पुलिस के बीच विवाद देश के सामने हैं. दिल्ली पुलिस के जवान मुख्यालय के सामने वकीलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इस सबके बीच राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने एक फॉर्मूला सुझाया है ताकि इस तरह के विवाद से निपटा जा सके.

सुब्रमण्यम स्वामी ने अपने ट्वीट में लिखा है कि कोर्ट में आधी दिक्कतें पुलिस-वकीलों के बीच रोजाना की बातचीत ही है क्योंकि दोनों ही लोकल हैं. ऐसे में CRPF की तरह एक ऑल इंडिया पुलिस का गठन होना चाहिए जिन्हें देश की सभी कोर्ट में तैनात किया जाना चाहिए.

आपको बता दें कि दिल्ली पुलिस के सैकड़ों जवान इस वक्त पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं और वकीलों के खिलाफ एक्शन की मांग कर रहे हैं. इस सभी के बीच दिल्ली पुलिस के कमिश्नर अमूल्य पटनायक ने जवानों से ड्यूटी पर वापस लौटने की अपील की है.

पुलिस कमिश्नर की ओर से आश्वासन दिया गया है कि हाल ही के दिनों में जो घटनाएं हुई हैं, उसमें FIR दर्ज कर ली गई हैं. साथ ही एक्शन लिया जा रहा है.

एक ओर दिल्ली पुलिस के जवान अपनी मांग पर अड़े हैं तो दूसरी ओर वकील भी पुलिसकर्मियों पर एक्शन की मांग कर रहे हैं. वकीलों का कहना है कि जिन पुलिसकर्मियों ने वकीलों के साथ मारपीट की, हवाई फायरिंग की उनपर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

Back to top button