ऑपरेशन के दौरान हार्ट अटैक से बुजुर्ग महिला की मौत, 3 डॉक्टरों का बनाया बोर्ड

-
पटियालाऑपरेशन के दौरान डॉक्टर की लापरवाही से बुजुर्ग महिला राजपती की मौत के बाद परिवार के लोगों ने हंगामा कर दिया। परिवार ने कहा कि उन्होंने एक निजी अस्पताल में महिला का ऑपरेशन कराया था। वीरवार रात 8 बजे महिला की मौत हो गई थी। संबंधित अस्पताल के डॉक्टर ने मौत का कारण ऑपरेशन के दौरान हार्ट अटैक बताया। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में 3 डॉक्टरों का बोर्ड बनाया है। जो पोस्टमार्टम कर मौत के कारणों का पता लगाएंगे।ये था मामला…

विनय कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी दादी के पेट में दर्द था। वह उनको निजी अस्पताल में 26 जून को इलाज के लिए लाए थे। जिसके बाद डॉक्टर ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। कई टेस्ट और अल्ट्रासाउंड कराए। अल्ट्रासाउंड में स्टोन आया। डॉक्टर ने उन्हें ऑपरेशन कराने के लिए कहा। साथ ही उन्हें कहा कि अगर वह कहीं बाहर से ऑपरेशन कराएंगे तो उनका खर्च 70-80 हजार रुपए आएगा। उनके पास ऑपरेशन कराने पर केवल 25-30 हजार रुपए लगेंगे। इसके बाद वह ऑपरेशन कराने को राजी हो गए। 29 जून की शाम करीब 8 बजे ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के कुछ समय बाद ही डॉक्टर नर्वस लग रहे थे। 15 मिनट बाद डॉक्टर ने कहा कि आपकी दादी की तबीयत खराब है। उनके पास वेंटिलेटर नहीं है।
उनको दूसरे अस्पताल ले जाएं, जहां वेंटिलेटर हो। वह तुरंत अपनी दादी को दूसरे निजी अस्पताल ले गए। वहां के डॉक्टरों ने बताया कि उनकी दादी की मौत लगभग 30 मिनट पहले हो चुकी है। जिसके बाद परिवार भड़क गए।जिस डॉक्टर ने ऑपरेशन किया था, उस अस्पताल के बाहर देर रात तक प्रदर्शन किया। थाना सब्जी मंडी इंचार्ज सुरेंद्र भल्ला ने परिवार को कार्रवाई का भरोसे देकर उनको शांत किया। थाना सिविल लाइन एसएचओ जेएस रंधावा ने बताया कि विनय के बयान दर्ज कर लिए हैं। पोस्टमार्टम के लिए सिविल सर्जन की अध्यक्षता में तीन डॉक्टरों की कमेटी बना दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने बाद कार्रवाई होगी।





