ऑनलाइन ट्रांजक्शन पर SBI ने घटाए 75 फीसदी तक चार्ज, जानिए आपको कितना होगा फायदा

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अपने ग्राहकों के लिए एक और सुविधा दी है। एसबीआई की इस योजना से अब इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग इस्तेमाल करने वाले ग्रहकों को खास फायदा होगा।

दरअसल एसबीआई ने एनईएफटी और आरटीजीएस के जरिए इलेक्ट्रानिक लेनदेन पर लगने वाले शुल्क में 75 फीसदी तक कटौती की है।
एक न्यूज वेबसाइट के मुताबिक, अब 10,000 रुपये तक के ट्रांजक्शन पर एनईएफटी शुल्क अब एक रुपए लगेगा। यह शुल्क पहले दो रुपए था।
वहीं एक लाख रुपये तक के ट्रांजक्शन पर दो रुपये का शुल्क लगेगा। जबकि एक से दो लाख रुपये तक के मनी ट्रांजक्शन पर शुल्क को 12 रुपये से घटाकर तीन रुपये कर दिया गया है।
इसके साथ ही अब दो लाख रुपये से अधिक के राशि के ट्रांजक्शन पर बीस रुपए से शुल्क घटाकर कर पांच रुपये किया गया है।
इतना ही नहीं अगर पांच लाख रुपए से अधिक का लेन देन किया जाता है तो इस पर शुल्क 40 रुपए से घटाकर दस रुपए किया गया है। जानकारी के मुताबिक सभी नए शुल्कों पर 18 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगेगा।
खुशखबरी यह भी है कि एसबीआई ने अब तत्काल भुगतान सेवा के जरिए 1,000 रुपये तक के ट्रांजक्शन पर शुल्क समाप्त कर दिया है।





